जाम से निजात: 21 व्यस्ततम चौराहों पर सिविल व ट्रैफिक पुलिस संभालेगी यातायात, नंबर लिखे फ्लैक्स बोर्ड भी लगेंगे
Kanpur News: शहर में 21 सबसे व्यस्ततम चौराहों को चिह्नित किया है, जहां सबसे ज्यादा परेशानी रहती है। इनमें सबसे ज्यादा परेशानी वाले चौराहे मध्य जोन प्रथम, दक्षिण जोन द्वितीय और पूर्वी जोन प्रथम में हैं।
विस्तार
कानपुर में नासूर बन चुकी जाम की समस्या को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस कमिश्नरी पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कवायद करने जा रही है। शहर के 21 ऐसे चौराहे चिह्नित किए गए हैं, जहां रोजाना भीषण जाम लगता है। इन चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ अब संबंधित क्षेत्र के दरोगा समेत चार सिपाहियों को भी तैनात किया जाएगा।
यह फोर्स यातायात नियंत्रित करने में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की मदद करेगा। इसके साथ ही इन चौराहों पर संबंधित क्षेत्र के थानाप्रभारी के साथ टीआई और ट्रैफिक कंट्रोल रूम का नंबर भी अंकित रहेगा ताकि जाम की स्थिति में राहगीर उस नंबर पर कॉल कर शिकायत कर सकें। शहर के कई प्रमुख चौराहों पर शहर वासियों को तकरीबन रोजाना ही जाम से रूबरू होना पड़ता है।
21 सबसे व्यस्ततम चौराहों को किया चिह्नित
पुलिस कमिश्नर ने इसे दूर करने के लिए फोर्स बढ़ाने से लेकर अफसरों की फौज तक को तैनात किया लेकिन हालात में सुधार नहीं हो सका। अब डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने शहर में 21 सबसे व्यस्ततम चौराहों को चिह्नित किया है, जहां सबसे ज्यादा परेशानी रहती है। इनमें सबसे ज्यादा परेशानी वाले चौराहे मध्य जोन प्रथम, दक्षिण जोन द्वितीय और पूर्वी जोन प्रथम में हैं।
एक दरोगा व चार सिपाही भी तैनात होंगे
इन चौराहों पर आए दिन लोगों को जाम से रूबरू होना पड़ता है। इन सभी चौराहों पर टीएसआई और ट्रैफिक सिपाहियों की संख्या तो बढ़ाई ही जाएगी। साथ ही सीपी के आदेश के बाद अब इन चौराहों पर संबंधित थाने से एक दरोगा व चार सिपाही भी तैनात किए जाएंगे। इन सभी की जिम्मेदारी यातायात को संभालने और जाम की स्थिति से निपटने में ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की होगी।
इन 21 अतिव्यस्ततम चौराहों की बदलेगी हालत
पूर्वी जोन प्रथम: रामादेवी चौराहा, नया पुल उन्नाव बॉर्डर, टाटमिल चौराहा, झकरकटी बस अड्डा
पूर्वी जोन द्वितीय: बड़ा चौराहा, कारसेट परेड चौराहा, घंटाघर
दक्षिण जोन द्वितीय: नौबस्ता बंबा, नौबस्ता चौराहा, नंदलाल चौराहा, चावला चौराहा, यादव मार्केट चौराहा
पश्चिम जोन द्वितीय: कल्याणपुर क्रासिंग, बिठूर रोड तिराहा
मध्य जोन प्रथम: रातवपुर तिराहा, गुटैया क्रॉसिंग, फजलगंज चौराहा, बीओबी चौराहा, जरीब चौकी चौराहा, अफीम कोठी सीएनजी पंप
मध्य जोन द्वितीय: मैनावती मार्ग, सब्जी मंडी
ट्रैफिक कंट्रोल रूम : 9305104340
ट्रैफिक मीडिया सेल : 9305104387
टीआई पूर्वी जोन प्रथम: 9305104302
टीआई पूर्वी जोन द्वितीय: 9305104303
टीआई दक्षिण जोन द्वितीय: 9305104306
टीआई पश्चिम जोन द्वितीय: 9305104327
टीआई मध्य जोन प्रथम: 9305104328
टीआई मध्य जोन द्वितीय: 9305104304