गर्भवती मांग रही इंसाफ: दो सगे भाइयों ने युवती को फंसाया, फिर बारी-बारी किया दुष्कर्म, पढ़ें पूरा मामला
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में दो भाइयों के द्वारा युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हमीरपुर निवासी युवती ने बताया है कि वो गर्भवती हो गई है। उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
विस्तार
कन्नौज जिले में हमीरपुर की एक युवती ने विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के दो भाइयों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह गर्भवती हो गई है। थाने में पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की, तो वह इंसाफ की गुहार लगाने एसपी दफ्तर पहुंची। एसपी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
युवती ने बताया कि दिल्ली में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात विशुनगढ़ के एक गांव के युवक से हुई थी। वह उसे झांसे में लेकर उससे नजदीकी बढ़ाता रहा। वह उसके कमरे पर भी आने लगा। इसी दौरान शादी की बात कहकर वह उसे सात माह पहले यहां अपने घर ले आया।
सात महीने तक घर में ही रखा। कहीं जाने नहीं दिया। इस बीच उसने और उसके भाई ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस बीच वह गर्भवती हो गई। फिर भी वह लोग जुल्म करते रहे। किसी तरह वह उन दोनों के चंगुल से छूट कर भागी। एसपी कुंवर अनपुम सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
ऑडियो भी हुआ है वायरल
इस बीच एक ऑडियो वायरल हो रहा है। दावा है कि इसमें शिकायत करने वाली युवती और आरोपी युवक के बीच बातचीत हो रही है। इसमें युवती खुद को गर्भवती होने और प्रताड़ित होने की बात कह रही है। इस ऑडियो के सच्चाई की पुष्टि नहीं की जा रही है।