बकेवर। लवेदी क्षेत्र के गांव बहादुरपुर बिजली घर पर लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर में मंगलवार सुबह से खराबी आ गई। इससे बिजली घर से जुड़े 40 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते बुधवार को भी इन गांवों में बिजली नहीं आई और लोग परेशान रहे। लोगों ने बताया कि पानी तक की किल्लत हो गई है।
क्षेत्र के बहादुरपुर, चिंडौली, नवादा, डबाह आदि गांवों के उपभोक्ताओं का कहना है कि यह ट्रांसफार्मर काफी समय से गड़बड़ है। आये दिन इसमें कोई न कोई खराबी आ जाती है और बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। पिछले 48 घंटे से बिजली न आने से गेहूं के खेतों के लिए सिंचाई व जानवरों के पानी, घर के पानी की व्यवस्था नहीं हो सकी। बिजलीघर से 160 निजी व सरकारी नलकूप भी जुड़े हैं जिनसे किसान खेतों सिंचाई करते हैं। बिजली बाधित होने से नलकूप भी नहीं चल सके। बिजली घर के टीजी टू धर्मेंद्र कुमार ने बताया की उपभोक्ताओं के जरूरत को ध्यान में रखते हुए लाइन को लखना बिजली घर से जोड़ दिया गया है। लोड अधिक होने के कारण सप्लाई में दिक्कत आ रही है। सुबह से शाम तक बिजली न आने से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि पुराने ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए जिससे रोज रोज की समस्या दूर हो सके। वहीं बिजली घर के जेई नरदेव गौतम ने बताया कि पांच एमवीए ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया जिसे ठीक करने का कार्य किया जा रहा है।