यूपी: जहरीली शराब से एक और मौत, मृतकों की संख्या 18 पहुंची
- रूरा के कमालपुर निवासी मजदूर की हैलट में मौत हुई
- शराब बनाने का केमिकल सप्लाई करने वाला दबोचा गया
विस्तार
तीन मरीजों का हैलट में इलाज चल रहा है। इधर, पुलिस ने पूर्व मंत्री के पौत्रों नीरज सिंह और विनय सिंह गौर को अवैध शराब बनाने के लिए केमिकल की सप्लाई करने के आरोपी औरैया के बीपी सिंह को दबोच लिया है। पुलिस गुप्त स्थान पर उससे पूछताछ कर रही है।
रूरा (कानपुर देहात) के कमालपुर निवासी मजदूर सुरेंद्र उर्फ मखंचू (45) ने 23 मई को सरकारी ठेके से शराब लेकर पी थी। उसी दिन उसकी हालत बिगड़ गई थी। सुरेंद्र को माती स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 24 मई को डॉक्टर ने उसे हैलट रेफर कर दिया था। हैलट में सुरेंद्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में उसका बिसरा सुरक्षित रखा गया है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
दूसरी तरफ, सूत्रों के मुताबिक पूर्व मंत्री राम स्वरूप सिंह गौर के पौत्रों विनय और नीरज को शराब बनाने का केमिकल सप्लाई करने के आरोपी व दस्यु सुंदरी रही सीमा परिवार के भतीजे जनक सिंह परिहार उर्फ छोटे सिंह के साथी बीपी सिंह को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस का दावा है कि औरैया निवासी बीपी सिंह, जनक सिंह से शराब बनाने का केमिकल लेकर नीरज व विनय को सप्लाई करता था। सूत्रों के मुताबिक बीपी ने पूछताछ अवैध शराब के कारोबार से जुड़े कई सफेदपोशों के नाम व पते बताए हैं। इनमें से कुछ राजनैतिक दलों से जुड़े हैं। पुलिस बीपी की बातों का सत्यापन करने में लगी है। हालांकि पुलिस अफसरों ने बीपी के पकड़े जाने की पुष्टि नहीं है।