UP: राज्यपाल से मरीज की शिकायत, बोला- साहब! 30 हजार रुपये हों तो हड्डी का ऑपरेशन कराएं, अस्पताल में मची खलबली
Hamirpur News: राज्यपाल ने ओपीडी में तैनात डॉ. ब्रम्हप्रकाश से इलाज के नाम पर रुपये लेने की बात पूछी। इस पर उन्होंने 15 दिन पहले स्थानांतरण होकर आने की बात कही। इस पर उन्होंने पहले वाले चिकित्सक के बारे में भी पूछा।
विस्तार
हमीरपुर जिले में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने तय प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों के शिरकत की। इसी क्रम में जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इमरजेंसी में निरीक्षण दौरान वहां भर्ती मरीज ने उन्हें एक चिकित्सक का व्यवहार ठीक न होने व 30 हजार रुपये होने पर हड्डी का ऑपरेशन कराने की बात कही।
इस पर राज्यपाल ने ओपीडी में मौजूद चिकित्सक से इस संबंध में जानकारी ली। गुरुवार 11:10 बजे राज्यपाल जिला पुरुष चिकित्सालय पहुंचीं। वहां सबसे पहले उन्होंने आयुष्मान काउंटर का निरीक्षण किया। उसके बाद वह इमरजेंसी पहुंचीं। जहां भर्ती मरीजों का हाल जाना।
इसी दौरान वहां भर्ती मुख्यालय निवासी सतीश मिश्रा ने हड्डी का ऑपरेशन कराने के लिए 30 हजार रुपये व महिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए छह हजार रुपये लेने का आरोप लगाया। राज्यपाल ने आर्थोपेडिक ओपीडी का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने शबाना से इलाज के बारे में जानकारी ली।
पहले वाले चिकित्सक के बारे में भी पूछा
वहीं, प्लास्तर चढ़वा रहे सिधौल निवासी बालक आशीष से हालचाल जाना। ओपीडी में तैनात डॉ. ब्रम्हप्रकाश से इलाज के नाम पर रुपये लेने की बात पूछी। इस पर उन्होंने 15 दिन पहले स्थानांतरण होकर आने की बात कही। इस पर उन्होंने पहले वाले चिकित्सक के बारे में भी पूछा।
महिला वार्ड में पहुंच मरीजों को फल बांटे
मरीज की शिकायत के बाद डॉक्टरों व स्टाफ में खलबली मच गई। बाद में उन्होंने एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया और महिला वार्ड में पहुंच भर्ती मरीजों को फल बांटे। अपर निदेशक स्वास्थ्य चित्रकूट मंडल डॉ. विजयपति द्विवेदी का कहना है कि सीएमओ का नंबर क्यों बंद है जानकारी की जाएगी।
जिसने शिकायत की है, वो हमारे पास आ जाए
वहीं जिस मरीज ने राज्यपाल से ऑपरेशन के लिए रुपये लेने की बात कही है। वह हमारे पास आ जाए, हम उसके साथ अपना एक आदमी भेज देंगे। वह उसे रुपये दिला दे, हम उस पर कार्रवाई कर देंगे। मामले में अस्पताल प्रबंधन ने जांच के आदेश भी दिए हैं।