Hardoi: कोतवाली से एक किमी दूर दिन दहाड़े सराफ से लूट, पांच लाख के जेवरों से भरा बैग और बाइक लूटी
Hardoi News: घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
विस्तार
हरदोई जिले के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ लुटेरों ने बाइक से दुकान जा रहे सराफ को बैट और स्टंप से पीटने के बाद लूट लिया। सराफ का लगभग पांच लाख रुपये कीमत के जेवरों से भरा बैग और बाइक लेकर लुटेरे फरार हो गए। कोतवाली से लगभग एक किलोमीटर दूर दिन दहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना में गंभीर रूप से घायल सराफ को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने मौके का जायजा लिया।सवायजपुर थाना क्षेत्र के औहदपुर निवासी उमेश यादव (43) की सवायजपुर कस्बे में ज्वैलरी शॉप है।
सोमवार को दिन में लगभग 11 बजे वह बाइक से सोने चांदी के जेवरों और नगदी से भरा बैग लेकर दुकान जा रहे थे। औहदपुर सवायजपुर मार्ग पर हड़हा के पास सड़क पर खड़े तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। इन युवकों ने बैट (बल्ला) और स्टंप से उमेश पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
उमेश यादव के सिर में आठ टांके लगाए गए
उमेश गिर पड़ा, तो हमलावर उसकी बाइक और बैग लेकर मौके से भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और उमेश को उपचार के लिए सवायजपुर कस्बे में डॉक्टर आनंद कटियार के यहां ले जाया गया। यहां उमेश यादव के सिर में आठ टांके लगाए गए और फिर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस बोली- जल्द से जल्द किया जाएगा घटना खुलासा
उमेश यादव के मुताबिक बैग में लगभग तीन लाख रुपये कीमत का पचास ग्राम सोना, दो लाख बीस हजार रुपये कीमत के तीन किलो चांदी के जेवर, बीस हजार रुपये, परिजनों के आधार कार्ड, बैंक की पास बुक भी थी। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।