कानपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन सामान्य अध्ययन में औसत प्रश्न पूछे गए। इसमें में आम की संकर प्रजाति रत्ना किस संस्करण की है, टमाटर का लाल रंग किस पिगमेंट के कारण होता है और उत्तर प्रदेश के किस शहर को राष्ट्रीय स्वच्छ शहर पुरस्कार में तीसरा स्थान मिला जैसे प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को सोचने के लिए मजबूर किया। अंग्रेजी में ग्रामर से बहुत कम प्रश्न पूछे गए जबकि लिटरेचर से गहराई वाले प्रश्न अधिक रहे।
रविवार को पहली पाली की परीक्षा के लिए 39 और दूसरी के लिए 12 केंद्र बनाए गए थे। प्रश्नपत्र में कुल 150 प्रश्न पूछे गए, जिनमें सामान्य अध्ययन (जीएस) के 30 और मुख्य विषय अंग्रेजी के 120 प्रश्न शामिल थे। परीक्षा का समय दो घंटे निर्धारित था। पहली पाली में कुल 16,832 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 8,983 उपस्थित और 7,849 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में कुल 4,997 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 3,343 उपस्थित और 1,654 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 21,829 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 12,326 ने ही परीक्षा दी।