अब हरदोई में दिल्ली जैसा हादसा: कार ने पहले छात्र को टक्कर मारी, फिर डेढ़ किमी तक घसीटा, लोगों ने चालक को पीटा
दिल्ली, बांदा के बाद अब हरदोई में दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ है। इसमें साइकिल से कोचिंग जा हरे छात्र को अमर जवान चौक पर वैगनआर कार ने टक्कर मार दी। साथ ही, गली से होकर सिनेमा रोड तक घसीटा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदोई जिले में दिल्ली, बांदा के बाद शुक्रवार को हरदोई में दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हो गया। शहर के अमर जवान चौक पर शाम करीब पौने पांच बजे हुए हादसे के बाद कार ड्राइवर कार में फंसे छात्र को करीब डेढ़ किमी तक घसीटता रहा।
सैकड़ों लोगों ने वैगनआर कार का पीछा कर शहर की मुख्य बाजार सिनेमा रोड पर पकड़ लिया। छात्र को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। कोतवाली शहर के आशा नगर निवासी हरिनाम का पुत्र केतन (16) शुक्रवार की शाम को अपने साथी अंश और कुणाल के साथ अलग-अलग साइकिल से लखनऊ रोड पर कोचिंग जा रहे थे।
अमर जवान चौक पर छात्रों के पहुंचते ही, नघेटा रोड की ओर से तेज रफ्तार में आ रही वैगरआर कार ने केतन की साइकिल में टक्कर मार दी। इससे केतन का पैर वैगनआर कार में फंस गया। यह देखकर साथी कुणाल और अंश ने शोर मचाया।
इससे कार ड्राइवर जितेंद्र निवासी मढ़िया शुक्ला ने कार को भगा दिया और छात्र को घसीटते घंटाघर मार्ग से होते हुए अशराफटोला वाली गली से सिनेमा रोड पर पहुंच गया। कार में फंसे छात्र को देखकर लोगों की भीड़ दौड़ पड़ी और सिनेमा रोड पर मुख्य बाजार में कार व चालक को पकड़ लिया।
आक्रोशित लोगों ने कार पलटी
लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से चालक को अपने कब्जे में ले लिया। आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ की और पलट दिया। इससे एक राहगीर की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
शहर कोतवाल संजय पांडे ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घायल छात्र खतरे से बाहर है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्र के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।