{"_id":"061cf7960679587f4686f015da5162a1","slug":"november-will-house-tax-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नवंबर तक मिलेगी हाउस टैक्स मेंे छूट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नवंबर तक मिलेगी हाउस टैक्स मेंे छूट
अमर उजाला ब्यूरो/कानपुर
Updated Sun, 07 Feb 2016 01:25 AM IST
विज्ञापन
जो भवन स्वामी चालू वित्तीय वर्ष (2015-16) तक का पूरा हाउस टैक्स जमा करेंगे, उन्हें अगले वित्तीय वर्ष में टैक्स पर विशेष छूट मिलेगी।
विज्ञापन
12 हजार तक वार्षिक मूल्य की संपत्तियों पर गृहकर में 10 प्रतिशत और इससे ज्यादा वार्षिक मूल्य की संपत्तियों पर 15 प्रतिशत की छूट नवंबर 2016 तक मिल सकती है। यह फैसला शनिवार को नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया।
विज्ञापन
नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में हुई बैठक में एजेंडे के 160 प्रस्ताव रखे गए। पहली बार सात घंटे चली इस बैठक में छह टेबिल प्रस्ताव भी रखे गए।
महापौर जगतवीर सिंह द्रोण, नगर आयुक्त देवेंद्र सिंह कुशवाहा और अपर नगर आयुक्त राकेश गुप्ता ने बताया कि इंटरलाकिंग, सड़क सुधार, नाली निर्माण आदि कार्यों से संबंधित 93 प्रस्तावों को पास किया गया। इसके अलावा विकास कार्य समय से पूरे कराने के लिए टेंडर की स्वीकृति, वर्कआर्डर समय में जारी करने का फैसला हुआ।
विज्ञापन
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, अवैध होर्डिंग्स हटेंगी
आशुतोष त्रिपाठी के प्रस्ताव पर सभी जोनल अफसरों को अवैध होर्डिंग्स, वाल पेंटिंग करने वालों को नोटिस देकर वसूली करने और उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलेंगे। चालान, यूजर चार्ज भी वसूला जाएगा।
फूलबाग में लगेगा देश का सबसे ऊंचा ध्वज
पार्षद राकेश साहू के प्रस्ताव पर राष्ट्रीय गीत के रचयिता पद्मश्री श्याम लाल गुप्त पार्षद की स्मृति में देश का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फूलबाग में लगाने का फैसला हुआ।
बैठक में ये फैसले भी हुए
-घंटाघर टावर की मरम्मत, पुताई होगी
-सार्वजनिक स्थलों पर बनेंगे शौचालय
-नगर निगम की संपत्तियों का 2013 तक का बकाया किराया किश्तों में लिया जाएगा, उसके बाद का किराया किराएदारों से बात कर तय किया जाएगा
-केडीए दफ्तर का किराया लेने के लिए विधिक राय लेकर कार्यवाही की जाएगी
-मोतीझील कारगिल पार्क स्थित रोलर स्केटिंग एकेडमी का संचालन नगर निगम करेगा
-कारगिल पार्क की झील के बीच में लगेगी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा
-नगर निगम के खर्चों का होगा प्रीआडिट
-एसटीपी संचालन के लिए जल निगम को 50 लाख रुपये दिए जाएंगे
-नरेंद्र मोहन सेतु के नीचे से रेवमोती तक के मार्ग का नाम नरेंद्र मोहन गुप्ता मार्ग किया गया
-निवास वार्ड में तैनात अफसरों, कर्मियों के खिलाफ शिकायत मिलने पर तत्काल कार्यवाही होगी
महापौर, पार्षद में नोकझोंक
बैठक में सदस्य पार्षद आशुतोष त्रिपाठी ने आठ करोड़ रुपये की कूड़ा गाड़ियां खरीदने पर ऐतराज जताया। इसे वर्कशाप घोटाले की संज्ञा दी तो महापौर ने ऐतराज किया तो पार्षद शमीम आजाद विरोध करने लगे। इस पर महापौर जाने की बात कहने लगे तो सपा पार्षद दल के नेता ने मामला शांत कराया।
राजू सरदार रोड दूसरे के नाम पर करने का प्रस्ताव खारिज
कार्यकारिणी ने पार्षद राजेंद्र कटियार के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने शास्त्री नगर में चेन फैक्ट्री चौराहे से गुप्ता जाली चौराहे तक शहीद इंद्रजीत सिंह उर्फ राजू सरदार मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्वनाथ सिंह भदौरिया मार्ग कराने का प्रस्ताव दिया था। मार्गों के नामकरण के चार अन्य प्रस्ताव खारिज हए, जबकि ऐसे 13 अन्य को स्वीकृति दी गई।
विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार नि:शुल्क
दोनों विद्युत शवदाह गृह में सभी शवों का अंतिम संस्कार नि:शुल्क किया जाएगा। भैरोघाट सहित अन्य घाटों में अंतिम संस्कार का शुल्क 400 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किया गया। वहां लकड़ी के दाम भी 350 रुपये प्रति 40 किलो से बढ़ाकर 400 रुपये किए गए।
नगर निगम परिसर और पार्क होगा वाईफाई
कार्यकारिणी में एमएलसी अरुण पाठक की निधि से नगर निगम मुख्यालय और इसी परिसर में स्थित पार्क में वाईफाई की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। भाजपा पार्षद दल के उप नेता सत्येंद्र मिश्रा ने बताया कि इस सुविधा के लिए रेलटेल कंपनी से बात हुई है। इसमें करीब 27 लाख रुपये खर्च आएगा।
शिक्षिकाओं का वेतन बढ़ा
शिक्षिकाओं का वेतन बढ़ा दिया गया। अब इन स्कूलों में हाईस्कूल में पढ़ाने वाली 13 शिक्षिकाओं को प्रतिमाह 10 हजार और इंटर स्तर की शिक्षिकाओं को प्रति माह 11 हजार रुपये मिलेंगे। इन्हें 6000-7000 मिलते ही मिलते थे।
61.88 करोड़ मुनाफे का पुनरीक्षित बजट पास
कार्यकारिणी समिति ने चालू वित्तीय वर्ष में 61.88 करोड़ रुपये मुनाफे का पुनरीक्षित बजट पास किया। लेखाधिकारी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के बजट में प्रस्तावित आय 1546.20 करोड़ थी, जिसके सापेक्ष 1700.71 करोड़ रुपये आय हुई। कुल मिलाकर 61.88 करोड़ रुपये मुनाफा हुआ।