यूपी चुनाव 2022: कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में नड्डा और शाह ने संभाली चुनाव की कमान
गृह मंत्री अमित शाह दो फरवरी को पहले कन्नौज, फिर कानपुर में घर-घर जनसंपर्क करेंगे। दोनों नेता शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बुद्धिजीवी मतदाताओं को साधने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। कोरोना के चलते जनसभाओं और जुलूसों पर पाबंदी के बाद चुनाव में ऐसा पहली बार हो रहा है।
विस्तार
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में तीसरे चरण के विधानसभा चुनाव की कमान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाल ली है। शनिवार को नड्डा ने पहले इटावा और देर शाम औरैया पहुंचकर मतदाताओं की नब्ज टटोली।
इसी क्रम में शाह दो फरवरी को पहले कन्नौज, फिर कानपुर में घर-घर जनसंपर्क करेंगे। दोनों नेता शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बुद्धिजीवी मतदाताओं को साधने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। कोरोना के चलते जनसभाओं और जुलूसों पर पाबंदी के बाद चुनाव में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब पार्टी के प्रमुख नेता अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मोहल्लों और गांवों में जाकर मतदाताओं से रूबरू हो रहे हैं।
पार्टी का मानना-- बड़े नेताओं के मैदान में उतरने से जाएगा अच्छा संदेश
पार्टी का मानना है कि बड़े नेताओं के इस तरह मैदान में उतरने से मतदाताओं में अच्छा संदेश जाएगा। मतदाता बड़े नेताओं से सीधे अपनी बात कह पा रहे हैं। स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर उन्हें पार्टी की रणनीति समझाने और उनकी समस्याओं को समझने का भी मौका मिल रहा है।
नड्डा ने इटावा और औरैया में बुद्धिजीवियों से बात की तो अमित शाह भी इस रणनीति को धार देने कन्नौज व कानपुर आ रहे हैं। बुद्धिजीवियों में डॉक्टर, अधिवक्ता, उद्यमी-व्यवसायी, इंजीनियर, शिक्षक, नौकरी-पेशा सभी को शामिल किया जा रहा है। भाजपा इन लोगों को जनता के सामने प्रभावी मतदाता के रूप में रख रही है।
पनकी में करेंगे बैठक, श्यामनगर में जनसंपर्क
दो फरवरी को गृहमंत्री अमित शाह यहां सबसे पहले पनकी में करीब तीन सौ बुद्धिजीवियों के साथ बैठक करेंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार, बैठक का स्थान भले ही गोविंदनगर क्षेत्र है, लेकिन इसमें सभी विधानसभा सीटों से प्रभावशाली बुद्धिजीवियों को आमंत्रित किया जा रहा है।
इसके बाद शाह छावनी विधानसभा क्षेत्र के श्यामनगर मोहल्ले में जनसंपर्क करेंगे। शनिवार को पार्टी की दक्षिण इकाई की टीम ने पूरे मोहल्ले में घूमकर ऐसी गली तलाश करने की कोशिश की, जहां भाजपा के मन-मिजाज वाले मतदाता अधिक हों। हालांकि, यह तलाश अभी जारी है। गोविंदनगर क्षेत्र में बैठक की जिम्मेदारी उत्तर इकाई के अध्यक्ष सुनील बजाज और छावनी का जिम्मा दक्षिण अध्यक्ष डॉ. बीना आर्या पटेल संभाल रही हैं।