बांदा में दलित छात्र की हत्या: पेट और गर्दन पर चाकू से वार, आपराधिक किस्म का है हत्यारोपित, गिरफ्तार
Banda Murder: ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि हत्यारोपित राजू आरख आपराधिक किस्म का है। प्रतापगढ़ में पट्टी क्षेत्र से स्मैक, चरस आदि लाकर सप्लाई करता है। उसके घरवाले भी इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं।
विस्तार
बांदा जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र में एक दलित छात्र के पेट और गर्दन में चाकू से वारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आपराधिक किस्म के एक शख्स को हिरासत में लिया है। जौरही गांव निवासी राजेंद्र कुमार का सबसे बड़ा बेटा प्रेमचंद्र (21) बीए का छात्रा था।
रविवार रात वह घर के बाहर बैठा था। तभी घर के सामने से गांव निवासी राजू आरख गुजरा। प्रेमचंद्र ने उसे टोकते हुए नमस्कार किया। इसके बाद पूछ लिया कि देर रात कहां से आ रहे हो। यह बात राजू को नागवार गुजरी। उसने प्रेमचंद्र को गालियां देनी शुरू कर दी।
विरोध पर कमर में खोसा चाकू निकाला और प्रेमचंद्र पर हमलाकर दिया। परिवार और आसपास के लोग हल्ला-गुहार सुनकर दौड़े। इससे पहले राजू चाकू से गर्दन, पेट और हाथ में कई वार कर चुका था। इससे प्रेमचंद्र लहूलुहान हो गिर पड़ा। आरोपित चाकू दिखाते हुए मौके से भाग निकला।
आरोपित को हिरासत में लिया
सूचना पर रात में एसपी अंकुर अग्रवाल, एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ सदर अंबुज त्रिवेदी देहात कोतवाली फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचीं। देर रात ही आरोपित को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आपराधिक किस्म का है हत्यारोपित
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि हत्यारोपित राजू आरख आपराधिक किस्म का है। प्रतापगढ़ में पट्टी क्षेत्र से स्मैक, चरस आदि लाकर सप्लाई करता है। उसके घरवाले भी इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। आरोपी के अन्य मामलों की भी जानकारी की जा रही है।