Hardoi: 14 इंच की नकब काट दस लाख के मोबाइल चोरी, थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई वारदात, जांच में जुटी पुलिस
Hardoi News: पुलिस को जांच के दौरान दुकान के पीछे की ओर खंडहर में तब्दील हो चुके डाक बंगले की झाड़ी में पुलिस को एक मोबाइल फोन का खाली डिब्बा मिला है। प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि घटना से संबंधित अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
विस्तार
हरदोई जिले में पाली थाने से कुछ ही दूरी पर चोरों ने मोबाइल फोन की दुकान में महज 14 इंच की नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। दस लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन और पचास हजार रुपये चोरों ने चुरा लिए। घटना की जानकारी पर फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी नमूने लिए।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक खंडहर की झाड़ी में मोबाइल का एक खाली डिब्बा बरामद हुआ है। पाली कस्बे के मोहल्ला मलिकाना निवासी हामिद उर्फ शानू की मोबाइल फोन की दुकान मुख्य बाजार में थाने के पास है। दुकान के पीछे प्राथमिक स्कूल है। सोमवार रात चोरों ने स्कूल की तरफ से दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगा दी।
सुबह साढ़े नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे शानू को दुकान के अंदर सब कुछ अस्त व्यस्त मिला। पीछे की दीवार में नकब लगी मिली और दुकान से मोबाइल फोन व नकदी गायब मिली। शानू के मुताबिक 10 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन, पचास हजार रुपये और एक टेबलेट चोरी हुआ है।
डाक बंगले की झाड़ी में एक मोबाइल फोन का खाली डिब्बा मिला
घटना की जानकारी पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक एके राय ने जांच की। जांच के दौरान दुकान के पीछे की ओर खंडहर में तब्दील हो चुके डाक बंगले की झाड़ी में पुलिस को एक मोबाइल फोन का खाली डिब्बा मिला है। प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि घटना से संबंधित अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
चाय की गुमटी से भी हुई चोरी
घटनास्थल के पास ही आशू गुप्ता की चाय की गुमटी भी है। यहां कुछ खाद्य सामग्री भी बिकती है। रात में चोरों ने इस गुमटी को भी निशाना बना लिया। आशू के मुताबिक लगभग पांच हजार रुपये का सामान चोरों ने चोरी किया है।