Auraiya: भदौरा मार्ग पर सड़क किनारे लगी भीषण आग, गैस गोदाम पर मंडराया खतरा
Auraiya News: बेला थाना क्षेत्र के बेला-तिर्वा मार्ग स्थित भदौरा रोड पर शुक्रवार शाम अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे सूखी खरपतवार में लगी आग कुछ ही देर में तेजी से फैल गई और विकराल रूप धारण कर लिया।
विस्तार
थाना क्षेत्र के बेला-तिर्वा मार्ग स्थित भदौरा मार्ग पर शुक्रवार की शाम करीब सात बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे उगे खरपतवार में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि लपटें आसमान छूने लगीं। आग की उठती लपटों को देख आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई, क्योंकि घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर गैस एजेंसी का गोदाम और रिहायशी मकान स्थित हैं।
गैस गोदाम के पास आग से हड़कंप
ग्रामीणों के मुताबिक, जहां आग लगी है, वहां से कुछ ही मीटर की दूरी पर मीना गैस एजेंसी का गोदाम स्थित है। यदि आग की लपटें गोदाम तक पहुंच जातीं, तो एक बड़ा विस्फोट और भयानक हादसा हो सकता था। आग लगने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग का घेरा बढ़ता ही गया।
मकान में भरा है गृहस्थी का सामान
फतेहपुर निवासी ग्रामीण शिवसागर ने बताया कि जिस जगह आग लगी है, उसके ठीक बगल में उनका मकान बना हुआ है। हालांकि वह गांव में रहते हैं, लेकिन इस घर में उनकी गृहस्थी का कीमती सामान भरा हुआ है। आग की स्थिति को देख उन्हें अपने आशियाने और सामान के जलने का डर सता रहा है।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के काफी देर बाद तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी। पीड़ित शिवसागर और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन मदद पहुंचने में काफी समय लग गया। ग्रामीण अपनी आंखों के सामने आग को बढ़ता देख बेबस नजर आए।
