Kanpur: लकड़बग्घों ने बिजलीघर को बनाया घर, नर-मादा और दो बच्चे करते हैं धमाचौकड़ी, कर्मचारियों में दहशत
Kanpur News: साढ़ स्थित 220 केवी बिजलीघर को नर-मादा लकड़बग्घों ने दो बच्चों के साथ अपना घर बना लिया है। लकड़बग्घों की धमाचौकड़ी से कर्मचारियों में डर का महौल है।
विस्तार
कानपुर के भीतरगांव इलाके के कस्बा साढ़ स्थित 220 केवी बिजली घर को लकड़बग्घा ने अपने कुनबे के साथ बीते 18 जून की रात से ठिकाना बना रखा है। नर-मादा लकड़बग्घा के साथ दो छोटे बच्चे भी मौजूद हैं। बिजली घर के अंदर एक साथ घूमते चार लकड़बग्घों को देखने के बाद कर्मचारी दहशत में हैं।
कॉलोनी में रह रहे कर्मचारियों के परिवार बाहर नहीं निकल रहे हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने वन विभाग को तस्वीरें भेजने के साथ इनको पकड़ने का आग्रह किया है। बता दें कि भीतरगांव के कस्बा साढ़ में 220 केवी का बङा बिजलीघर स्थापित है।
परिसर के अंदर विद्युत केबिलों का जाल भूमिगत पक्की नालियों से होकर गुजरता है। इन्हीं नालियों में 18 जून की रात दो लकड़बग्घे दो छोटे बच्चों के साथ घुसे हैं। आधा किमी में फैली भूमिगत नालियां एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं। इसमें लकड़बग्घों ने कुनबे के साथ अंदर ही अंदर ठिकाना बना रखा है।
वन विभाग ने अब तक नहीं आया है कोई कर्मचारी
बिजलीघर के अवर अभियंता अशोक कुमार साहू ने बताया कि पिछले चार दिनों से लकड़बग्घों का मूवमेंट होने से कर्मचारियों के परिवार कॉलोनी से बाहर नहीं निकल रहे हैं। जेई मो. अशरफ व राजकुमार, तकनीकी टीम मो. निसार अंसारी, सुरेंद्र सविता आदि बताते हैं कि वन विभाग को सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी झांकने तक नहीं आया है।