महोबा सड़क हादसा: पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, फिर 50 मीटर तक घसीटा, फॉर्मासिस्ट की मौत...जांच में जुटी पुलिस
Mahoba News: पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर जांच की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले चालक की तलाश में जुटी है।
विस्तार
महोबा जिले में कानपुर-सागर हाईवे पर बरीपुरा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार फॉर्मासिस्ट को टक्कर मार दी। वहीं, चालक पिकअप के अगले हिस्से में फंसी बाइक को चालक 50 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में फॉर्मासिस्ट की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉर्मासिस्ट की मौत से स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। थाना कबरई के खजुरिया पहरा गांव निवासी महेंद्रदेव मिश्रा (48) वर्तमान में शहर के हमीरपुर चुंगी में आवास बनाकर रहते थे।
वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई में फॉर्मासिस्ट के पद पर तैनात थे। प्रतिदिन की तरह महेंद्रदेव शुक्रवार की सुबह बाइक से ड्यूटी करने सीएचसी कबरई जा रहे थे। तभी हाईवे पर बरीपुरा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
चालक की तलाश में जुटी है पुलिस
इसके बाद पिकअप चालक बाइक व उसमें फंसे फॉर्मासिस्ट को 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इससे फॉर्मासिस्ट की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर जांच की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चालक की तलाश जारी है।