महोबा: मकान-किराना दुकान में लगी भीषण आग, बाइक-स्कूटी व कृषि उपकरण जले, दो लाख का नुकसान, परिवार ने मांगी मदद
Mahoba News: खरेला थाना अंतर्गत परथनिया गांव में शनिवार रात किराना दुकान व मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान का सामान, बाइक, स्कूटी, कृषि उपकरण और पूरा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को दो लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
विस्तार
महोबा जिले में थाना खरेला के परथनिया गांव में शनिवार की रात किनारा दुकान व मकान में लगी आग से लाखों का माल जलकर बर्बाद हो गया। ग्रामीणों के एकजुट प्रयास से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में बाइक, स्कूटी, कृषि उपकरण, गृहस्थी समेत कीमती सामान जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ित ने पुलिस और राजस्व विभाग को सूचना देकर आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
परथनिया निवासी परशुराम अहिरवार मकान में ही किराना दुकान किए है। रात आठ बजे वह दुकान बंद कर अंदर चला गया। तभी अचानक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। तब परिजनों ने बाहर निकाल जान बचाई। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए। आसपास स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी
इस दौरान वहां से निकल रहे भाजपा नेता जितेंद्र मिश्रा ने अपने सहयोगियों व सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी आग बुझाने की जद्दोजहद की। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझ सकी, लेकिन तब तक किराना सामान, मकान में रखी स्कूटी, बाइक, कृषि उपकरण, कपड़े और गृहस्थी का सामान जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ित ने बताया कि घटना में दो लाख से अधिक की क्षति हुई है। अग्निकांड में सबकुछ जलकर बर्बाद होने से पीड़ित परिवार परेशान है। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी गई है।