Mahoba: प्रेमी ने दूसरी जगह रचाई शादी, प्रेमिका फंदे पर झूली, तीन वर्ष तक किया किशोरी का शारीरिक शोषण
यूपी के महोबा में प्रेमी ने दूसरी जगह शादी रचा ली, इससे आहत किशोरी ने जान देने का प्रयास किया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक ने किशोरी का तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण किया।
विस्तार
महोबा जिले में थाना अजनर के एक गांव में शादी का झांसा देकर युवक किशोरी का तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण करता रहा। युवक के दूसरी जगह शादी रचाने से आहत किशोरी ने फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतार गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। घटना की तहरीर थाने में दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी का गांव के ही युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक शादी का झांसा देकर किशोरी का तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण करता रहा। 16 जून को युवक ने दूसरी जगह शादी रचा ली। जब इसकी जानकारी किशोरी को हुई तो उसने मकान के कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घर में खेल रहे छोटे भाई-बहनों ने उसे जब फंदे पर लटकता देखा तो शोर-शराबा मचाते हुए परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने किशोरी को फंदे से नीचे उतार जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया। जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। किशोरी ने बताया कि आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। कई बार रुपये भी ले लिए और नौकरी लगवाने की बात कहता रहा। थानाध्यक्ष अजनर शिवआसरे का कहना है कि घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।