{"_id":"6657272f16cfae410e041eec","slug":"mahoba-eight-people-including-a-female-traveler-died-due-to-heat-wave-and-fever-2024-05-29","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Mahoba: लू और बुखार से महिला यात्री समेत आठ की मौत, जानलेवा हुई गर्मी, गर्म हवाओं ने सभी को झकझोरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mahoba: लू और बुखार से महिला यात्री समेत आठ की मौत, जानलेवा हुई गर्मी, गर्म हवाओं ने सभी को झकझोरा
Wed, 29 May 2024 06:32 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, महोबा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, महोबा
Published by: शिखा पांडेय
Updated Wed, 29 May 2024 06:32 PM IST
सार
गर्मी का कहर बढ़ता ही जा रहा है। लू और बुखार की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो गई। चिकित्सक बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं।
विज्ञापन
गर्मी का कहर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
महोबा जिले में भीषण गर्मी व गर्म हवाओं का कहर जारी है। जिले में लू और बुखार की चपेट में आने से महिला यात्री समेत आठ लोगों की और मौत हो गई। 24 घंटे के अंदर मृतकों की संख्या 14 पहुंच गई है। जिला अस्पताल व निजी क्लीनिकों में लू, डायरिया और बुखार से पीड़ित मरीजों की भरमार है। रेड अलर्ट जारी होने के चलते लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।
विज्ञापन
आसमान से बरस रही आग व लू के थपेड़ों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ब्लॉक कबरई के सिरसीखुर्द निवासी रामचरण (65) साधु था। दोपहर दो बजे वह शहर के आल्हा चौक से गुजर रहा था। तभी तेज धूप में हालत बिगड़ने पर वह सड़क किनारे दीवार से टिक कर बैठ गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बिलवई निवासी रामसखी (35) को लू लगने पर भाई मूलचंद्र जिला अस्पताल लाया। जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
मोहल्ला समदनगर निवासी राजेश अनुरागी (50) रोडवेज बस स्टैंड के पास खड़ा था। तभी गश खाकर गिर गया। आनन-फानन परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। कस्बा कुलपहाड़ के राजावार्ड निवासी मुफतरानी (50) को बुधवार की सुबह तेज बुखार होने पर परिजन उसे सीएचसी कुलपहाड़ ले गए। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना श्रीनगर के लुहेड़ी निवासी बृजलाल कुशवाहा की पत्नी परमी (75) जनपद चित्रकूट के सदगुरु नेत्र चिकित्सालय से इलाज कराकर लौटी।
वह लुहेड़ी बस स्टैंड पर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। लू लगने से अचेत होकर गिर गई। परिजन नौगांव अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। सुभाषनगर निवासी देवराज (40) और कुसुमरानी (50) को तेज बुखार होने पर परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार दौरान उनकी मौत हो गई। थाना श्रीनगर निवासी उरवारा निवासी जसवंत के छह साल के बेटे राधेश्याम को उल्टी होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनाओं से परिजन गमगीन हो गए।