Mahoba Accident: बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, देवर की मौत और भाभी घायल, अन्य तीन की हालत गंभीर
लवकुशनगर-महोबा मार्ग पर दो बाइकों को जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक बाइक में सवार देवर की मौत हो गई, जबकि भाभी घायल हो गईं। वहीं, दूसरी बाइक में सवार तीन युवकों की हालत गंभीर है।
विस्तार
महोबा जिले में लवकुशनगर-महोबा मार्ग पर कुम्हरौड़ा पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक बाइक में सवार देवर की मौत हो गई, जबकि भाभी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं दूसरी बाइक में सवार तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं।
उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के जरहेटा गांव निवासी दिलीप अनुरागी (30) बुधवार की सुबह बाइक से भाभी गेंदारानी (50) के साथ कलेक्ट्रेट में पॉलिसी की धनराशि के लिए कागजात जमा करने आया था। दोपहर को घर वापस लौटते समय कुम्हरौड़ा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया
इससे दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाभी गेंदारानी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, दूसरी बाइक में सवार साहिल (20), समीर (17) और दिलशाद (21) बुरी तरह घायल हो गए। सभी को आनन फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जांच में जुटी पुलिस
यहां साहिल की हालत नाजुक होने पर झांसी रेफर किया गया। दूसरी बाइक सवार चंदला गांव से एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों में रोना-पीटना मच गया। मृतक खेती-किसानी करके परिवार चलाता था। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।