बीयर पिलाओ, काम हो जाएगा!: कन्नौज में महिला ने खोली पुलिस वाले की पोल, SP के सामने रखी 'घूस की डिजिटल रिपोर्ट'
Kannauj News: मदद के नाम पर पहले एक हजार रुपये नगद वसूले, फिर शाम ढलते ही बीयर के लिए 640 रुपये मंगाए। रुपये डकारने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। पीड़िता ने समाधान दिवस में एसपी से गुहार लगाई।
विस्तार
खाकी की साख पर एक बार फिर बट्टा लगा है। खेत से दबंग द्वारा जबरन चारा काटने की शिकायत लेकर चौकी पहुंची एक बेबस महिला से सिपाही ने मदद के एवज में पहले एक हजार रुपये नगद ऐंठ लिए। इतने से भी पेट नहीं भरा तो शाम होते ही चार बीयर का शौक पूरा करने के लिए 640 रुपये यूपीआई (ऑनलाइन) के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। हद तो तब हो गई जब बीयर और नगदी डकारने के बाद भी पुलिस मौके पर झांकने तक नहीं पहुंची। पूरी तरह निराश पीड़िता ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर पुलिस कप्तान के सामने सिपाही की करतूतों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया।
कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले की रहने वाली संगीता ने बताया कि उसने ग्राम करमुल्लापुर में जमीन का बैनामा कराया था, जिस पर वह खेती कर रही है। आरोप है कि 14 सितंबर को गांव का ही एक युवक जबरन उसके खेत में घुस आया। आरोपी ने खेत में खड़ी चारे की फसल काट ली और बाउंड्री के खंभे भी उखाड़ फेंके। जब संगीता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली।
न्याय की आस में संगीता जब पुलिस चौकी पहुंची, तो वहां तैनात सिपाही नरेंद्र सिंह ने मामले को सुलझाने और कार्रवाई करने के नाम पर पहले एक हजार रुपये नगद ऐंठ लिए। इसके बाद शाम ढलते ही सिपाही का दिल बीयर पीने का हुआ, तो उसने चार बीयर के लिए 640 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। महिला ने कार्रवाई के डर और न्याय की उम्मीद में यूपीआई से पैसे तो भेज दिए, लेकिन सिपाही की नीयत नहीं बदली। पैसे जेब में जाने के बाद पुलिस ने मौके पर जाना भी मुनासिब नहीं समझा।
एसपी से की शिकायत, दिए जांच के आदेश
पुलिस चौकी के चक्कर काटकर थक चुकी संगीता शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची और एसपी के सामने सिपाही नरेंद्र सिंह और दबंग युवक की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने ऑनलाइन लेनदेन का ब्योरा भी सबूत के तौर पर सामने रखा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ छिबरामऊ मयंक मिश्रा को जांच सौंपी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।