Kanpur: बिठूर में तिरंगा यात्रा…उमड़ा देशभक्ति का जज्बा, MLA अभिजीत सिंह सांगा बोले- नया भारत झुकने वाला नहीं
Kanpur News: बिठूर में विधायक अभिजीत सिंह सांगा के नेतृत्व में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और नेताओं ने नए भारत के सशक्त होने की बात कही।
विस्तार
कानपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को बिठूर में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
यात्रा रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से शुरू होकर नानाराव पेशवा स्मारक पार्क तक गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगे झंडे थे और वे भारत माता की जय और वंदे मातरम जैसे देशभक्ति नारे लगा रहे थे।
नया भारत झुकने वाला नहीं
यात्रा के समापन पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भारत ने पहलगाम हमले का बदला ऑपरेशन सिंदूर के तहत लिया, जिससे हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह नया भारत झुकने वाला नहीं है।