Kanpur: होटल में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, साले और दोस्त पर हत्या का आरोप, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: शनिवार सुबह कठेरुआ स्थित एक होटल के कमरे में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने साले और दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
कानपुर में बिधनू थाना क्षेत्र के कठेरुआ गांव स्थित एक गेस्टहाउस में संचालित होटल में चचेरे साले और पड़ोसी दोस्त के साथ रुके एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या करने का आरोप है। होटल संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस चचेरे साले और पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
भरुआ सुमेरपुर निवासी होटल कर्मी संदीप कुमार (26) फतेहपुर के बिंदकी में एक होटल में काम करता था। परिवार में पत्नी रेशमा आठ माह की बेटी सृष्टि है। मां प्रेमा ने बताया कि पत्नी बेटी के साथ साढ़ थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव अपने मायके में थी। होटल में काम छोड़ने के बाद बीती 14 अप्रैल को संदीप भरुआ सुमेरपुर घर आया था।15 को अपनी ससुराल जाने के बाद वहीं रुका हुआ था।
होटल के कमरे में मृत मिला है युवक
शुक्रवार दोपहर अपने चचेरे साले साजन और उसके पड़ोसी दोस्त आशीष के साथ ससुराल से चिड़ियाघर देखने की बात कहकर तीनों एक ही बाइक से निकले थे। रात आठ बजे के करीब साले साजन की अपने घर मे बात हुई, तो बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। रमईपुर में अपने दोस्त के घर रुक गया है। शनिवार सुबह पुलिस से जानकारी मिली कि उसका बेटा कठेरुआ स्थित होटल के कमरे में मृत मिला है।
नशे की हालत में होटल में रुकने आए थे तीनों
मौत की सूचना पर घर मे कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने संदीप के सिर पर चोट देखकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पति का शव देख आठ माह की बेटी सृष्टि को गोद में लिए पत्नी रेशमा के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। होटल संचालक शिवम दीक्षित ने बताया कि तीनों लोग ऑटो से रात 12 बजे के करीब नशे की हालत में होटल में रुकने आए थे। सुबह साजन ने बताया कि उसका एक साथी उठ नहीं रहा है।
बाइक फिसलने से चोटिल हो गए थे तीनों
जाकर देखा, तो उसकी सांस नहीं चल रही थीं। इस पर उसने पुलिस को घटना सूचना दे दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चचेरे साले और पड़ोसी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि रमईपुर के पास मझावन रोड़ में बाइक फिसलने से तीनों चोटिल हो गए थे। एक सिर में और एक के कंधे में चोट लगी थी।