कानपुर: युवक ने फंदा लगाकर दी जान, चार साल से मुख कैंसर से था परेशान, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू
Kanpur News: नौबस्ता थाना क्षेत्र में चार साल से मुख कैंसर से जूझ रहे युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया निवासी संदीप (28) ने शुक्रवार देर रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। वह बीते चार साल से मुख कैंसर से जूझ रहा था। लंबे समय से इलाज कराने के बावजूद हालत में सुधार नहीं होने से परेशान रहता था। शनिवार सुबह कमरे से बाहर न आने पर परिजन उसे देखने पहुंचे तो उसका शव लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। नौबस्ता पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
संदीप प्राइवेट नौकरी करता था। परिवार में मां मालती और बड़ा भाई दीपू हैं। पिता जगजीवन की कुछ समय पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। बड़े भाई दीपू ने बताया कि संदीप का चार साल से कानपुर के कैंसर अस्पताल में इलाज चल रहा था। बीमारी के चलते उसे काफी दिक्कतें होती थीं। कई बार मुंह से खून आने लगता था। शुक्रवार देर रात उसने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शनिवार सुबह करीब सात बजे तक संदीप कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। कमरे में उसका शव फंदे से लटका देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि बीमारी से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
