कानपुर: युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, कर्जदारों की प्रताड़ना से था तंग, गाली-गलौज और धमकी का आरोप, जांच शुरू
Kanpur News: बिधनू थाना क्षेत्र में कर्जदारों की लगातार प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
विस्तार
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र निवासी शोला पासवान ने कर्जदारों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पत्नी फूलमती ने आरोप लगाया कि कर्ज नहीं चुका पाने पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
फूलमती के मुताबिक, आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण परिवार कर्ज की रकम नहीं चुका पा रहा था। आरोप है कि 10 सितंबर की शाम कुछ कर्जदार घर पहुंचे और उसके पति से गाली-गलौज करते हुए रुपये लौटाने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, उन्हें धमकाया भी गया। इससे आहत होकर शोला ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
आरोपों के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
जहरीला पदार्थ खाने के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। परिजनों का कहना है कि यदि इलाज के दौरान शोला को कुछ होता है, तो वे बिधनू थाने में तहरीर देकर कर्जदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।