Kanpur Weather: पश्चिमी विक्षोभ ने रोकीं सर्द हवाएं, एक तक निकलेगी तेज धूप, चार फरवरी से मौसम बदलने की संभावना
Weather News: मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ इस समय सक्रिय है। अगले 24 घंटे में चक्रवाती हवाओं की वजह से एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। ऐसे में रात के समय ऊंचाई पर बादल रहेंगे, जिससे शीत कम पड़ेगी। दिन में कड़ी धूप से भी ठंडक गायब रहेगी।
विस्तार
कानपुर में पश्चिमी विक्षोभ ने सर्द हवाओं पर फिलहाल रोक लगा दी है। इससे एक फरवरी तक तेज धूप निकलेगी और रात में शीतलहर का प्रकोप भी कम रहेगा। चार फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है। पांच फरवरी से फिर कुछ दिनों के लिए बर्फीली हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी।
इस बीच साेमवार को 3.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर दिन का पारा 22.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री से बढ़कर 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सीएसए के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ इस समय सक्रिय है।
अगले 24 घंटे में चक्रवाती हवाओं की वजह से एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। ऐसे में रात के समय ऊंचाई पर बादल रहेंगे, जिससे शीत कम पड़ेगी। दिन में कड़ी धूप से भी ठंडक गायब रहेगी। ऐसा कुछ दिनों तक चलेगा। इसके अचानक से फिर मौसम में बदलाव आने के संकेत है। बताया कि 15 फरवरी तक रह- रहकर ठंड का सिलसिला चल सकता है।
राजधानी समेत कई ट्रेनें 20 घंटे तक लेट
कोहरे और धुंध के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। सोमवार को 02564 नई दिल्ली बरौनी क्लोन स्पेशल 20 घंटे, 02569 दरभंगा क्लोन स्पेशल 15 घंटे, 12423 डिब्रूगढ़ नई दिल्ली राजधानी 14 घंटे, 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पौने 14 घंटे, 13484 फरक्का एक्सप्रेस 13 घंटे, 12398 महाबोधि 11 घंटे, 12180 लखनऊ आगरा इंटरसिटी 10 घंटे, 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पौने दस घंटे, 19038 अवध एक्सप्रेस पौने नौ घंटे, 15483 सिक्किम महानंदा सवा छह घंटे, 12311 नेताजी एक्सप्रेस छह घंटे, 12819 उड़ीसा संपर्क क्रांति साढ़े पांच घंटे, 22531 मथुरा सुपरफास्ट चार घंटे लेट रही।
आस्था ट्रेनों के लिए विशेष दल तैनात
आस्था स्पेशल ट्रेन स्टेशन से गुजरी : जयपुर से अयोध्या के लिए रवाना हुई आस्था स्पेशल ट्रेन सोमवार की दोपहर ढाई बजे सेंट्रल स्टेशन से गुजरी। यहां पर यात्रियों के बैठने और उतरने की सुविधा नहीं थी। भोजन और सुरक्षा के लिए स्टाफ की तैनाती की गई। यह ट्रेन 31 जनवरी को वापस जाएगी। एसीएम संतोष त्रिपाठी के मुताबिक आस्था ट्रेनों के लिए विशेष दल तैनात किए गए हैं। यह ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं पर नजर रखेंगे। उदयपुर और कोटा की आस्था ट्रेनें भी कानपुर से वाया होकर जाएंगी।