Kanpur Weather Update: उमस से परेशानी...रात का पारा तीन डिग्री बढ़ा, 29 से तीन दिन तक बारिश के संकेत
Weather News: मौसम वैज्ञानिकों की माने तो कानपुर,कानपुर देहात व आसपास के जिलों में 29 जून से मानसून एक बार फिर प्रदेश में तेजी पकड़ेगा और प्रदेश भर में अच्छी बारिश होगी।
विस्तार
कानपुर में पिछले 12 घंटे के बीच बारिश नहीं होने की वजह से उमस और गर्मी फिर से बढ़ गई। रात का पारा तीन डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से बारिश की संभावना है, जो अगले तीन दिनों तक जारी रह सकती है।
इस बीच रुक-रुककर अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का पूर्वाऩुमान है। इस बीच दिन का तापमान एक दिन पहले की तरह 35 डिग्री सेल्सियस रहा। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में छत्तीसगढ़ व इसके आसपास के क्षेत्रों में अभी हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
यह धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश व कानपुर-बुदेलखंड क्षेत्र की तरफ बढ़ रहा है। इसी तरह एक ट्रफ लाइन उत्तर पश्चिमी राजस्थान से उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। एक और ट्रफ रेखा गुजरात से केरल तट तक बनी हुई। इससे जल्द ही प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।
तीन जुलाई के बीच बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय का कहना है कि इस बीच हवा में अधिकतम नमी की मात्रा 75 और न्यूनतम 58 प्रतिशत रिकार्ड की गई। हवा की रफ्तार 4.3 किमी प्रति घंटा रही। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों से लेकर तीन जुलाई के बीच बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।
तेज हवा, गरज और बिजली के साथ तेज बारिश
प्रदेश अधिकतर जिलों में आंधी के साथ वज्रपात के लिए चेतावनी भी है। कानपुर, कानपुर देहात, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और जालौन में भारी वर्षा के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत तेज हवा, गरज और बिजली के साथ तेज बारिश के प्रति सावधानी बरतने की आवश्यकता है।