UP: युवाओं को खोखला कर रही डायबिटीज 1.5, हैलट के इंडोक्रोनोलॉजी विभाग में 200 रोगी पंजीकृत, ये होते हैं लक्षण
Kanpur News: डायबिटीज 1.5 को लेटेंट ऑटो इम्यून डायबिटीज इन एडल्ट (लाडा) भी कहा जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस डायबिटीज की शुरुआत कम उम्र से होती है, लेकिन इसकी गति बहुत धीमे आगे बढ़ती है।
विस्तार
डायबिटीज का नया प्रकार 1.5 जवानी में शरीर को खोखला करता है। इसमें डायबिटीज टाइप-1 और टाइप-2 दोनों के लक्षण मिलते हैं लेकिन पैदाइशी डायबिटीज टाइप-1 की तरह इसमें अग्नाशय की बीटा कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं, जिससे रोगी को इंसुलिन पर रहना पड़ता है। इस नए प्रकार की डायबिटीज के 200 रोगी हैलट के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड पीजीआई के इंडोक्रोनोलॉजी विभाग में पंजीकृत हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर खानपान दुरुस्त रखा जाए, दवाएं नियमित ली जाएं तो डायबिटीज 1.5 के साथ सामान्य जीवन जिया जा सकता है। इंडोक्रोनोलॉजी विभाग में पंजीकृत डायबिटीज 1.5 के रोगियों का आयु वर्ग 18 से 30 साल के बीच है। उन्हें इंसुलिन पर रखा गया है। इंडोक्रोनोलॉजी क्लीनिक के प्रभारी डॉ. विशाल कुमार गुप्ता का कहना है कि यह रोग टाइप-1 की तरह धीरे-धीरे आगे बढ़ता है।
टाइप 1.5 का पता बड़े होने पर लगता है
बीटा कोशिकाएं नष्ट हो जाती है। यह लक्षण टाइप-एक का है, लेकिन यह डायबिटीज पता 18 साल या इसके बाद पता चलती है। इसमें डायबिटीज टाइप-2 के लक्षण आ जाते हैं। अक्सर रोगी इसे टाइप-2 समझ लेते हैं। लेकिन इसके इलाज का तौर-तरीका टाइप-1 वाली ही अपनाया जाता है। डायबिटीज 1.5 को लेटेंट ऑटो इम्यून डायबिटीज इन एडल्ट (लाडा) भी कहा जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस डायबिटीज की शुरुआत कम उम्र से होती है, लेकिन इसकी गति बहुत धीमे आगे बढ़ती है।
रोगी के शरीर में इंसुलिन होता जाता है कम
इससे टाइप 1.5 का पता बड़े होने पर लगता है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि इंडोक्रोनोलॉजी विभाग में जितने रोगी पंजीकृत हैं, उनमें 10 प्रतिशत टाइप 1.5 वाली डायबिटीज के रोगियों का है। इसका मुख्य कारण ऑटो इम्यून होता है। शरीर की एंटी बॉडीज अग्नाशय की बीटा कोशिकाओं पर हमला करके उन्हें नष्ट करती है। जैसे-जैसे बीटा कोशिकाएं नष्ट होती जाती हैं। रोगी के शरीर में इंसुलिन कम होता जाता है और एक सीमा पर जाकर खत्म हो जाता है।
खराबी जीवन शैली से नहीं होती यह डायबिटीज
डायबिटीज टाइप-1.5 खराब जीवन शैली या इंसुलिन रसिस्टेंस से नहीं होती है। इसके लिए एंटी-ग्लूटैमिक एसिड डिकारबोक्सीलेज (जीएडी) एंटी बॉडीज जिम्मेदार मानी जाती है। जीएडी एंटी बॉडीज जिसके शरीर में बन जाती हैं, उनमें इस तरह की डायबिटीज का खतरा रहता है। एंटी बॉडीज जीएडी इंजाइम पर हमलावर होती हैं जिससे बीटा कोशिकाएं नष्ट होने लगती हैं। डॉ. विशाल कुमार गुप्ता का कहना है कि वायरल संक्रमण से भी एंटी बॉडीज बन जाती हैं।
