कानपुर: ‘शोर मचाना पड़ा भारी’, घर में घुसे चोर ने वृद्धा को बेरहमी से पीटा, अस्पताल में तोड़ा दम, जांच शुरू
Kanpur News: चौबेपुर थाना क्षेत्र के शांति नगर में घर में अकेली रह रही एक वृद्ध महिला ने जब चोरी कर रहे चोर को देख लिया और शोर मचाया, तो बेखौफ चोर ने उनके साथ हैवानियत से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल वृद्धा को परिजनों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक घर में अकेली रह रही एक वृद्ध महिला को चोरी का विरोध करना भारी पड़ गया। बेखौफ चोर ने पकड़े जाने के डर से वृद्धा की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के शांति नगर में वृद्ध महिला घर में अकेली रहती थीं। बीती रात जब वह सो रही थीं, तभी एक शातिर चोर चोरी की नीयत से उनके घर में दाखिल हो गया। आहट पाकर जैसे ही वृद्धा की आंख खुली, उन्होंने चोर को देख लिया और तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया।
पहचाने जाने के डर से बेरहमी से पीटा
शोर सुनकर पकड़े जाने के डर से चोर ने आपा खो दिया और वृद्ध महिला पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपी ने वृद्धा को तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक कि वह लहूलुहान होकर अचेत नहीं हो गईं। इसके बाद चोर मौके से फरार हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल वृद्धा को हैलटअस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
वृद्ध महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर चौबेपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से शातिर चोर की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।