बड़ी लापरवाही: पटाखे की बची बारूद इकट्ठा कर रहा था किशोर, चिंगारी से धमाका होने पर झुलसा…उर्सला रेफर
Kanpur News: साढ़ थाना क्षेत्र के कैथा गांव में विजयादशमी की रात बची हुई बारूद इकट्ठा कर रहे किशोर का चेहरा और हाथ अचानक धमाका होने से गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उर्सला अस्पताल रेफर किया गया है।
विस्तार
भीतरगांव में साढ़ थाना क्षेत्र के कैथा गांव में विजयादशमी के दिन एक बड़ा हादसा हो गया। पटाखा छुड़ाने के बाद बची हुई बारूद इकट्ठा कर रहे 10 वर्षीय किशोर के पास अचानक चिंगारी गिरने से तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर उसका चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गया।
पीड़ित कैथा गांव निवासी पप्पू सिंह का बेटा रौनक (10 वर्ष) है। रौनक विजयादशमी की रात मोहल्ले के लड़कों के साथ बड़ी आवाज़ वाले पटाखे छुड़ा रहा था। पटाखा छूटने के बाद वह उसमें बची हुई बारूद को एक जगह इकट्ठा कर रहा था। इसी दौरान, अचानक कोई चिंगारी उस बारूद पर गिरी और तेज धमाका हो गया।
गंभीर हालत में उर्सला अस्पताल रेफर
इस धमाके की चपेट में आने से रौनक का चेहरा और हाथ गंभीर रूप से झुलस गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष कुमार तिवारी ने बताया कि किशोर को भीतरगांव अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एंबुलेंस से उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।