कानपुर: मां की डांट से क्षुब्ध बेटे ने दी जान, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक सीसीटीवी लगाने का कार्य करता था और लगातार सरकारी नौकरी के लिए प्रयास कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात वह शराब के नशे में घर लौटा था, जिस पर मां द्वारा डांट दिया था।
विस्तार
कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी शक्ति नगर के रहने वाले माघवेंद्र प्रताप सिंह (32) ने सोमवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। पिता जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वह बेटा शराब पीकर नशे की हालत में घर लौटा तो उसकी मां सुमन ने उसे डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर वह सीधे कमरे में चला गया और साड़ी से फंदा लगा लिया।
माघवेंद्र प्रताप सिंह सीसीटीवी लगाने का कार्य करता था। दो साल पहले भीतरगांव के बेहटा गंभीरपुर निवासी रौशनी से शादी हुई थी। पिता जितेंद्र ने बताया कि उनका एक और बेटा सूरज प्रताप सिंह है। बताया कि माघवेंद्र ने एमएससी, बीएड, सीटीईटी, बीटीसी किया हुआ था। साथ ही, 12 अक्तूबर को शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन किया था।
मां की डांट से क्षुब्ध होकर दी है जान
वह लगातार सरकारी नौकरी के लिए प्रयास कर रहा था। इसी तनाव में वह शराब पीने लगा था। बताया कि सोमवार रात वह काम से घर लौटा तो शराब के नशे था। इस पर मां ने उसे डांट फटकार दिया। यह बात उसके दिल में बैठ गयी। इसके बाद वह नाराज होकर कमरे में गया और कदम उठा लिया। चकेरी इंस्पेक्टर अजय मिश्रा ने बताया कि मां की डांट से क्षुब्ध होकर बेटे ने जान दी है।