कानपुर: 50 दिन बाद भी नहीं बन पाईं स्मार्ट आरसी; हजारों वाहन स्वामी परेशान, एआरटीओ बोलीं- दूर करेंगे समस्या
Kanpur News: कानपुर परिवहन विभाग में एक अगस्त से लागू हुई स्मार्ट कार्ड आरसी व्यवस्था 50 दिन बीत जाने के बाद भी पूरी तरह से ठप नजर आ रही है। पोर्टल पर आवेदन और शुल्क जमा करने के बावजूद जिले के करीब एक हजार वाहन स्वामी अपनी स्मार्ट आरसी का इंतजार कर रहे हैं।
विस्तार
कानपुर में परिवहन विभाग में एक अगस्त से लागू स्मार्ट कार्ड आरसी व्यवस्था 50 दिन बाद भी धरातल पर नहीं उतरी है। पोर्टल पर आवेदन और शुल्क जमा करने वाले जिले के करीब एक हजार वाहन स्वामी स्मार्ट आरसी के इंतजार में हैं। नई व्यवस्था के तहत वाहन स्वामियों को दी जाने वाली स्मार्ट कार्ड आरसी में इलेक्ट्रॉनिक चिप और क्यूआर कोड होगा।
इसमें वाहन और स्वामी से जुड़ी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज रहेगी। क्यूआर कोड स्कैन कर वाहन की जानकारी तत्काल सत्यापित की जा सकेगी। कागजी आरसी के फटने, खराब होने की समस्या से वाहन स्वामियों को निजात दिलाने के लिए व्यवस्था, तो ऑनलाइन हो गई लेकिन लोगों के घरों तक आरसी नहीं पहुंच पा रही हैं।
आरसी में दर्ज होगा पूरा डिजिटल रिकॉर्ड
स्मार्ट कार्ड की इलेक्ट्रॉनिक चिप में वाहन का इंजन नंबर, चेचिस नंबर, ईंधन का प्रकार और वाहन स्वामी का नाम-पता समेत जरूरी विवरण दर्ज रहेगा। विभाग का दावा है कि चिप में छेड़छाड़ संभव नहीं होगी, जिससे फर्जी आरसी पर भी अंकुश लगेगा।
अब नई व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है। आवेदन के बाद वाहन स्वामी की आरसी लखनऊ से सीधा उसके पते पर पहुंचेगी। अभी तक आरसी न मिलने की कोई शिकायत नहीं आई है। अगर आती है तो मुख्यालय में पत्राचार कर समस्या दूर कराई जाएगी। -कहकशा खातून, एआरटीओ प्रशासन