Kanpur: पुष्पा के तरीके की चंदन तस्करी सिंघम स्टाइल में पकड़ी, 10 लाख है कीमत…दो को किया गिरफ्तार
Kanpur News: इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपियों के तार उड़ीसा से बड़ी तस्करी करने वाले गिरोह से जुड़े होने की संभावना है। यहां से बड़ी बड़ी गाड़ियों में चोरी छिपे लकड़ी की तस्करी होने की सूचना है।
विस्तार
कानपुर में सचेंडी पुलिस ने 57.2 किलो चंदन की लकड़ी के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है। लकड़ी को हवन सामग्री के नाम पर चोरी छिपे उड़ीसा से लेकर कन्नौज ले जाया जा रहा था। आरोपियों के तार उन गिरोह से जुड़े होने की संभावना है, जिनका तरीका फिल्म पुष्पा में दिखाए गए स्टाइल जैसा है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए सिंघम का तरीका अपनाया और दोनों को दबोच लिया।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार बिष्ट ने बताया कि क्राइम ब्रांच और सचेंडी पुलिस को कई दिनों से चंदन की तस्करी होने की सूचना मिल रही थी, जिस पर जाल बिछाया गया। पहले आरोपियों के लोडर या बड़ी गाड़ी में लकड़ी लेकर जाने की सूचना थी, लेकिन आरोपी पहले ट्रेन फिर बस और अन्य साधन से कन्नौज जा रहे थे। उनको दबोचने के लिए मुखबिर को पीछे लगाया।
57.2 किलो चंदन की लकड़ी के साथ 440 ग्राम चरस मिली
उनकी बातचीत और आगे की रणनीति सुती गई, जिसके आधार पर दोनों माल समेत पकड़ा। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपियों के तार उड़ीसा से बड़ी तस्करी करने वाले गिरोह से जुड़े होने की संभावना है। यहां से बड़ी बड़ी गाड़ियों में चोरी छिपे लकड़ी की तस्करी होने की सूचना है। दोनों के पास से 57.2 किलो चंदन की लकड़ी के साथ 440 ग्राम चरस मिली है। आरोपियों की पहचान कन्नौज के मो. रिजवान और मो. वसीम के रूप में हुई।