UP: राहुल गांधी ने की हत्यारोपी की कार से यात्रा, पिंटू सेंगर के आरोपी वीरेंद्र पाल के नाम से पंजीकृत है गाड़ी
Kanpur News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को पिंटू सेंगर के हत्यारोपी वीरेंद्र पाल के नाम से आरटीओ में पंजीकृत कार से फतेहपुर की यात्रा की। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेसियों ने ट्रैवल एजेंसी से कार बुक कराने की बात कहकर मामले से पल्ला झाड़ लिया है।
विस्तार
कानपुर में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को कांग्रेसियों ने हत्यारोपी की कार से ही यात्रा करा दी। वह शुक्रवार की सुबह नई दिल्ली से चकेरी एयरपोर्ट पहुंचे और वहां कार्यकर्ताओं से मिलकर कार से फतेहपुर के लिए रवाना हो गए।
जिस कार से राहुल रवाना हुए वह पिंटू सेंगर के हत्यारोपी वीरेंद्र पाल की बताई जा रही है। संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय (आरटीओ) में इसी नाम से कार पंजीकृत है। उनके कार में जाते हुए वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेसी पल्ला झाड़ रहे हैं।
दो घंटे बाद उसी कार से वापस एयरपोर्ट आए
राहुल गांधी फतेहपुर में हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलने के लिए गए थे। चकेरी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह वाया सड़क मार्ग से होते हुए वहां रवाना हुए। वह कार संख्या यूपी 78 एचवी 8333 में सवार थे। उनके आगे और पीछे भी कई गाड़ियां फतेहपुर के लिए गईं। राहुल गांधी लगभग दो घंटे बाद उसी कार से वापस एयरपोर्ट आए।
हत्यारोपी वीरेंद्र पाल के नाम से पंजीकृत है कार
उनके जाने के बाद कांग्रेसियों ने उनके साथ खिंचवाई गई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डाले। इसके बाद वायरल फोटो और वीडियो में बताया गया कि राहुल गांधी जिस कार में बैठे हुए हैं, वह बसपा नेता पिंटू सेंगर के हत्यारोपी वीरेंद्र पाल के नाम से आरटीओ में पंजीकृत है।
ट्रैवल एजेंसी से बुक कराई थी कार
पिता का नाम शिव प्रसाद पाल और पता आदर्श नगर जेके कॉलोनी तिवारीपुर दिया हुआ है। वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद कांग्रेसी बचाव में जुट गए है। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप ठाकुर ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है कि यह कार किसकी है। उन्होंने ट्रैवल एजेंसी से कार बुक कराई थी।
नगर ग्रामीण इकाई की ओर से उपलब्ध कराई गई थी कार
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता का कहना है कि राहुल गांधी के आगमन को लेकर जिले से पांच गाड़ियां की गई थीं। चार गाड़ियां महानगर इकाई और राहुल गांधी जिस पर बैठकर गए थे, उसे नगर ग्रामीण इकाई की ओर से उपलब्ध कराया गया था। अमर उजाला वायरल फोटो और वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।