Kanpur: धीरज उर्फ दीनू उपाध्याय की पुलिस ने खोली हिस्ट्रीशीट, 23 थानों में दर्ज हैं मुकदमे…साथियों की तलाश
Kanpur News: पुलिस ने बसपा नेता हत्याकांड के आरोपी धीरज उर्फ दीनू उपाध्याय की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। दीनू पर 23 थानों में धोखाधड़ी और धमकी समेत कई आरोप दर्ज हैं। पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है।
विस्तार
कानपुर में बसपा नेता पिंटू सेंगर की हत्या के आरोप में सोनभद्र की जेल में बंद धीरज उर्फ दीनू उपाध्याय के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को नवाबगंज पुलिस ने नजर रखने के लिए उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। दीनू उपाध्याय पर शहर के 23 थानों में धोखाधड़ी, वसूली, आपराधिक षड्यंत्र रचने, धमकी देने, अतिचार समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है।
पुलिस रंगदारी मांगने के मामले में उसके साथी नारायण भदौरिया और दीपक जादौन की पहले ही हिस्ट्रीशीट खोल चुकी है। कमिश्नरी पुलिस वसूली, जमीन पर कब्जा करने, धमकी देने के मामलों में दीनू उपाध्याय के साथियों की करीब दो महीने से तलाश कर रही है। पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम भी दबिश के लिए लगी है।
जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
दीनू उपाध्याय के भाई संजय उपाध्याय, भतीजे मनु उपाध्याय और राम खिलावन कानपुर जेल में हैं। नारायण भदौरिया, नीरज दुबे, धीरज दुबे, अरिदमन सिंह, दीपक जादौन, गोपाल सिंह, अनूप शुक्ला, विकास ठाकुर आदि की तलाश की जा रही है। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि दीनू उपाध्याय की हिस्ट्रीशीट खुल गई है, जल्द ही रामखिलाव और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।