Kanpur: पकड़ में आया ‘भूत’, पुलिस को ले गया 50 लाख के खजाने तक, पोटलियों में रखे मिले चोरी किए गहने
उत्तर प्रदेश के कानपुर में 70 हजार की चोरी के मामले में पुलिस ने बर्रा-8 कच्ची बस्ती निवासी चंद्रशेखर उर्फ भूत को पकड़ा है।
विस्तार
कानपुर में एक महीने पहले गुजैनी के एक घर में हुई 70 हजार की चोरी में पुलिस ने बुधवार को बर्रा-8 कच्ची बस्ती निवासी चंद्रशेखर उर्फ भूत को पकड़ा। वह स्मैक के नशे में डूबा हुआ था। पुलिस ने उससे किसी तरह चोरी के बारे में पूछा तो उसने जूही लाला कॉलोनी में रहने वाली बहन रेनू के बारे में बताया।
कहा कि वह चोरी के गहने वहीं रखता है। पुलिस उसे लेकर रेनू के घर पहुंची, जहां तलाशी में उन्हें 2.50 लाख रुपये कैश समेत कुल 50 लाख रुपये के हीरे, सोने और चांदी के जेवरात मिले। यह देख पुलिस दंग रह गई। गोविंदनगर पुलिस ने भाई-बहन को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस कमिश्नर ने वारदात का खुलासा करने वाली टीम को दस हजार रुपये का इनाम दिया है। डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार के अनुसार दबौली में 16 अक्तूबर को ब्यूटी पार्लर संचालिका काम्या वाधवानी के घर चोरी हुई थी।
गोविंदनगर पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हुआ था। वह चोर चंद्रशेखर उर्फ भूत ही था। पुलिस जब उसकी निशानदेही पर रेनू के घर पहुंची तो एक छोटे से कमरे में रखी कई पोटलियों में जेवरात छिपाए गए थे।
घर पर लाखों के जेवर तलब एक पुड़िया की
चंद्रशेखर स्मैक का लती है। वह ज्यादा देर तक उसे बिना पीये नहीं रख सकता है। सूत्रों के अनुसार जब पुलिस ने पूछताछ की तो वह अचानक बेचैन होने लगा। पुलिस से स्मैक मांगने लगा। कहने लगा मुझे पुड़िया चाहिए.. वर्ना मर जाऊंगा। वह कांपने लगा। तब पुलिस ने चंद्रशेखर के पास से बरामद पुड़िया में से थोड़ी दी तब उसने जुबान खोली।
आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपी अब तक यह नहीं बता पाए हैं ये पूर माल कितनी चोरियों का है। कहां-कहां चोरी की। आशंका है कि दर्जनों बड़ी चोरी को आरोपियों ने अंजाम दिया है।- प्रमोद कुमार, डीसीपी साउथ
यह बरामद हुआ
रेनू के घर से हीरे की दो अंगूठियां, सोने की 21 अंगूठियां, 21 कंगन, 6 मंगलसूत्र, चार चेन, पांच जोड़ी टॉप्स, सोने के तीन लॉकेट, एक ब्रेसलेट, दो बाले, सोने का एक हेयरबैंड, सोने के नौ लॉकेट, 20 चांदी की प्याले, 14 जोड़ी चांदी की पायल, चांदी के दो सिक्के, 31 बिछिया, चांदी का एक कड़ा बरामद हुआ है।