Kanpur: पेयजल आईडी से 14 लाख का भुगतान, जॉइंट मजिस्ट्रेट करेंगे जांच, सीडीओ ने गठित की कमेटी, मांगी रिपोर्ट
Kanpur News: बिल्हौर ब्लॉक में पेयजल आईडी के जरिए इंटरलॉकिंग सड़क के नाम पर 13.91 लाख रुपये के संदिग्ध भुगतान के मामले में सीडीओ अभिनव जे. जैन ने सख्त कदम उठाया है। जॉइंट मजिस्ट्रेट संदीप गुप्ता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तलब की गई है।
विस्तार
कानपुर के बिल्हौर ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत की विकास निधि के इस्तेमाल में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में जांच शुरू करा दी गई है। पेयजल की आईडी से इंटरलॉकिंग सड़क के नाम पर 13.91 लाख रुपये भुगतान की खबर प्रकाशित होने के बाद सीडीओ अभिनव जे. जैन ने जांच के लिए जॉइंट मजिस्ट्रेट संदीप गुप्ता की अध्यक्षता में समिति गठित की है।
इसमें सहायक अभियंता पालीवाल और एडीपीआरओ प्रदीप भदौरिया शामिल हैं। समिति को एक सप्ताह में रिपोर्ट देनी है। जांच में यह देखा जाएगा कि भुगतान किस मद से किया गया, पोर्टल पर कौन सी आईडी इस्तेमाल हुई, कार्ययोजना में कार्य का स्वरूप क्या दर्ज था और भुगतान की अनुमति किस स्तर से मिली।
जिम्मेदारों और संबंधित फर्म के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
अप्रैल और जून 2026 में चार इंटरलॉकिंग कार्यों के लिए कुल 13.91 लाख रुपये भुगतान दर्शाया गया। चारों भुगतानों की धनराशि अमित इंटरप्राइजेज की फर्म में भेजी गई। कार्ययोजना वर्ष 2024-25 में तैयार होने के बावजूद भुगतान 2026 में किया गया। सीडीओ ने कहा कि गलत भुगतान की पुष्टि होने पर जिम्मेदारों और संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।