जालौन: तीन दिन से बिजली गुल, 150 घरों के लोग परेशान, ट्रांसफार्मर न बदलने पर सड़क जाम और अनशन की चेतावनी
Jalaun News: माधौगढ़ नगर स्थित चितौरा रोड पर पिछले तीन दिनों से ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे करीब 150 घरों के लोग इस भीषण गर्मी और उमस में बदहाल हैं। बिजली न होने से पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
विस्तार
जालौन जिले में माधौगढ़ के चितौरा रोड पर पिछले तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने से करीब 150 घरों के लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर फुंकने के बावजूद तीन दिन बीत जाने के बाद भी विद्युत विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। उमस और गर्मी के बीच बिजली न आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ से बात की गई तो उन्होंने जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि बिजली न आने से मोबाइल चार्ज करने, पानी की व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई तक प्रभावित हो रही है।
सड़क जाम करने को होंगे मजबूर
एक सैकड़ा से अधिक लोगों ने मीडिया कर्मियों को अपनी समस्या बताते हुए जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, तो वे अनशन पर बैठने के साथ सड़क जाम करने को मजबूर होंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और जिलाधिकारी को ज्ञापन देने की बात कही है।
ट्रांसफार्मर बदलवाकर आपूर्ति सुचारु कराने की मांग
लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में लगातार तीन दिन से बिजली गुल होने के बावजूद समस्या का समाधान न होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाकर आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। इस दौरान बजरंग राठौर, राजकुमार दोहरे, महावीर बापू, अजय सोनकर, प्रिंसी सोनकर, हरनारायण शाक्यवार, उपेंद्र विश्वकर्मा, बल्लू सेंगर समेत दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।