Kanpur: शिकार को लपका तेंदुआ, ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान, लोगों में दहशत
वन विभाग ने नवाबगंज के भगवानदीन पुरवा में तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजड़ा रखा है, जिसमें किसी मरे हुए जानवर को भी रखा गया है, लेकिन तेंदुआ पिंजड़े के पास न जाकर आसपास शिकार कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में नवाबगंज के कटरी क्षेत्र में शनिवार रात तेंदुए का दो ग्रामीणों से आमना सामना हो गया। एक ग्रामीण मवेशी खोलकर कटरी से गांव लौट रहा था, तभी तेंदुआ मवेशी की ओर लपका लेकिन वह हमला करने में कामयाब नहीं हुआ। वहीं दूसरी घटना में तेंदुए को सामने देख ग्रामीण वहां से भाग निकला। तेंदुए ने सूअर का भी शिकार किया। वन विभाग ने कटरी में चार नाइट विजन कैमरे लगा दिए हैं।
मादा तेंदुए के खौफ से कटरी के चार गांवों के लोग दहशत में हैं। रात भर जागकर वे अपने पालतू जानवरों व परिवार की रखवाली कर रहे हैं। पिछले 15 दिनों में तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ इस क्षेत्र में कई जानवरों पर हमला कर चुका है। शनिवार की रात को भी उसने एक सूअर का शिकार किया। तेंदुए के डर से लोगों ने खेत पर जाना बंद कर दिया है।
वन विभाग की टीम तेंदुए को खोजने में जुटी है, लेकिन बार-बार खाली हाथ लौट रही है। बनियापुरवा गांव के रहने वाले परशुराम ने बताया कि शनिवार रात 11 बजे कटरी की तरफ से आ रहे थे, तभी अचानक तेंदुआ तेजी से उनके सामने आ गया, वह शोर मचाते हुए भाग निकले। दुर्गापुरवा निवासी कमलेश अपने जानवरों को खेत से लेने गए थे तो तेंदुए ने उनके मवेशी पर हमला किया, शोर मचाने पर भाग निकला।
वन विभाग ने नवाबगंज के भगवानदीन पुरवा में तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजड़ा रखा है, जिसमें किसी मरे हुए जानवर को भी रखा गया है, लेकिन तेंदुआ पिंजड़े के पास न जाकर आसपास शिकार कर रहा है। वन विभाग की टीम को मादा तेंदुए के साथ उसके दो शावकों के पग चिह्न मिल चुके हैं। टीम ने सिर्फ एक दिन कांबिंग की इसके बाद वहां कोई नहीं गया।
जब से तेंदुए ने मवेशी को खाया है तब से हम लोगों ने खेतों में अपने जानवर ले जाना बंद कर दिया है। सभी लोग घर के अंदर ही लेट रहे हैं।- बिट्टन देवी, बनियापुरवा
यहां सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। तेंदुए के डर के कारण दो दिन से किसान अपनी सब्जी की रखवाली करने खेत नहीं जा रहे हैं। - बाबू लाल, भगवानदीन पुरवा
तेंदुए के डर से भगवानदीन पुरवा, भोपालपुरवा, बनियापुरवा, दुर्गापुरवा गांव के लोगों में दहशत।
एक रात में 25 किलोमीटर तय करता दूरीवन विभाग की टीम दिन और रात में भी कांबिंग कर रही है। तेंदुआ प्रतिदिन किसी न किसी जानवर का शिकार कर रहा है। हमारी टीम उसे पकड़ने का पूरा प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक वह देखा नहीं जा सका। - लल्लू सिंह, आरओ वन विभाग
तेंदुआ एक रात में 25 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकता है। वह दिन में बाहर निकलने से बचता है। ये मनुष्यों पर हमला तभी करता है जब उसकी जान पर खतरा होता है। बड़ा तेंदुआ एक बार में 5 किलो मांस खा सकता है। इसके बाद दो दिनों तक बिना भोजन के रह सकता है।