Kanpur: बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटा पंचायत राज विभाग, बीडीओ बोले- 50 सफाईकर्मियों ने चमकाया राहत शिविर
Kanpur News: गंगा का जलस्तर बढ़ने से बेरी नारी गांव पूरी तरह से डूब गया है, जिससे लगभग 150 परिवारों ने पुरवामीर गांव के जंगलों में शरण ली है। यहां पंचायत राज विभाग और अन्य सरकारी विभाग राहत पहुंचा रहे हैं।
विस्तार
कानपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण गलाथा गांव का मजरा बेरी नारी पूरी तरह से पानी में डूब गया है। इसके चलते करीब 150 परिवारों ने सरसौल ब्लॉक के पुरवामीर गांव के जंगलों में शरण ली है। बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए राजस्व विभाग और पंचायत राज विभाग ने युद्ध स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है।
एडीओ पंचायत दिनेश कुमार की देखरेख में पंचायत राज विभाग ने राहत शिविर में करीब 50 सफाई कर्मचारियों को तैनात किया है, जो देवमई और मलवा ब्लॉक से हैं। ये कर्मचारी सुबह आठ बजे से स्वच्छता कार्य में जुटे हुए हैं। राहत शिविर को पूरी तरह चमका दिया गया है।
बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन
खंड विकास अधिकारी देवमई प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा रातों-रात पानी के तीन टैंकर, जनरेटर से विद्युत और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मौके पर उपजिलाधिकारी नरवल ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए कानूनगो और लेखपालों की तैनाती कर बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।