Kanpur Nikay Chunav: सिंधी कॉलोनी में दो पक्षों में झड़प, प्रमिला पांडे ने मांगी माफी, बोलीं- अभी वोट दे दो
Kanpur News: सिंधी कॉलोनी के वार्ड नंबर 69 में दो पक्षों में वोटिंग को लेकर हाथापाई भी हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंचा है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में कानपुर में वोटिंग जारी है। दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत 23.04 रहा है। वहीं, मतदान प्रक्रिया के दौरान ईवीएम में गड़बड़ियों, फर्जी वोटिंग, प्रलोभन देने जैसे मामले भी सामने आ रहे हैं। इससे मतदान सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा।
वहीं, सिंधी कॉलोनी के वार्ड नंबर 69 में दो पक्षों में हाथापाई भी हो गई। बताया जा रहा है कि वोटिंग को लेकर विवाद हुआ है। मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गया है। क्षेत्र की ओल्ड सख्खर पंचायत हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष घनश्यामदास छाबड़ा ने बताया कि राम खिलवानी के घर के बाहर उनका बेटा अशीष और कुछ दोस्त खड़े थे।
इसी दौरान भाजपा के कुछ युवक अमित खत्री के बारे में पूछते हुए। आशीष और अमित दोस्त हैं। इसके चलते युवकों ने आशीष और उसके दोस्तों को पीटना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर लोगों की भीड़ पहुंचने लगी। इससे युवक मौका देखकर भाग गए।
पाठासीन अधिकारी कर रहे चुनाव प्रभावित
लोगों ने झड़प की जानकारी पुलिस को देते हुए वोटिंग में गड़बड़ी करने की बात कही है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पाठासीन अधिकारी स्थानीय निवासी है। वो खुद चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं। मामले में पुलिस से शिकायत भी की गई है।
निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी बोले- निष्पक्ष होनी चाहिए वोटिंग
वहीं, घटना की सूचना पर निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी अरविंद यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वोटिंग किसी कीमत मे नहीं रूकनी चाहिए और निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर पकड़ा जाएगा।
प्रमिला पांडे ने रोते हुए मांगी माफी
विवाद के बाद भाजपा की महापौर प्रत्याशी प्रमिला पांडे सिंधी कॉलोनी पहुंची। उन्होंने सिंधी समाज से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मैं पैर छूकर माफी मांगती हूं। अभी वोट दे दो। मैं इन लोगों को ऐसा सबक सिखा दूंगी कि याद रखेंगे। माफी मांगते हुए रो पड़ी प्रमिला पांडेय।