Kanpur: रेलवे ट्रैक पर मिला फैक्टरी कर्मी का क्षत-विक्षत शव, परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर उठाए गंभीर सवाल
Kanpur News: पनकी थाना क्षेत्र में एक फैक्टरी कर्मी का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस ने पहले राजेंद्र के चौकी में होने की सूचना दी और फिर उसके भाग जाने की बात कही, जिसके बाद शव मिला है।
विस्तार
कानपुर में रायबरेली के रहने वाले और इटावा में कार्यरत फैक्टरी कर्मचारी राजेंद्र का क्षत-विक्षत शव सोमवार देर रात पनकी पड़ाव स्थित 86 नंबर क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। राजेंद्र सोमवार को घर जाने के लिए निकला था। मृतक के भाई पिंटू ने बताया कि सोमवार देर रात पनकी चौकी इंडस्ट्रियल एरिया से सिपाही का फोन आया था कि राजेंद्र वहां बैठा है और उसे लेने आएं।
मंगलवार दोपहर पिंटू, पत्नी गीता देवी और साले सर्वेश के साथ चौकी पहुंचे, तो पुलिस ने बताया कि राजेंद्र बिना बताए भाग गया। हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस ने पिंटू को एक मोबाइल में फोटो दिखाकर पहचान करने को कहा, जो राजेंद्र के क्षत-विक्षत शव की थी।
पुलिस अब तक नहीं दे पाई है स्पष्ट जानकारी
परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राजेंद्र की बॉडी रेलवे ट्रैक पर देखी, जिससे उनमें कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस के इस पूरे घटनाक्रम और विरोधाभासी बयानों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है, जिससे मामला और गहरा गया है।