Kanpur: नाबालिग का अपहरण कर धर्मांतरण का दबाव, जिंदगी को बेहतर बनाने की कही बात
Kanpur News: नाबालिग का अपहरण कर धर्मांतरण का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। घटना काकादेव क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विस्तार
काकादेव क्षेत्र में नाबालिग का अपहरण कर बिहार के युवक ने धर्मांतरण करने पर निकाह कर उसकी जिंदगी को बेहतर बनाने की बात कही। घटना की जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं तक पहुंची तो हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। बिहार के थाना चौसा के मधेपुरा के ग्राम बदरी टोला नवासी 23 वर्षीय मो सहजाद अंसारी काकादेव थानाक्षेत्र की पुरानी बस्ती में रहकर मेट्रो में निर्माण कार्य करने वाली कंपनी में काम करता है।
उसके साथ उसका भाई और गांव के अन्य लोग भी रहते हैं। किराए पर रहने के दौरान क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग से किसी तरह उसका संपर्क हो गया। किसी तरह आरोपी उसे झांसे में लेकर 13 जून को भाग निकला। इस दौरान पीड़ित परिजनों ने नाबालिग बेटी के लापता होने पर थाने पहुंचकर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। काकादेव इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो टीमें लगाई गईं। जांच शुरू की गई तो सामने आया कि नाबालिग बिहार के सहजाद अंसारी के संपर्क में है।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी सहजाद को काकादेव से गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि सहजाद अंसारी ने उसे झांसे में लेकर दोस्ती की। इसके बाद वह उसे बिहार अपने घर ले जाने की तैयारी में था। इसको लेकर उसने ट्रेन से रिजर्वेशन भी करा लिया था। बताया कि सहजाद ने कहा था कि धर्मांतरण कर लो तो वह निकाह करके उसकी जिंदगी बेहतर बना देगा।
धर्मांतरण के लिए काफी दबाव बना रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी पर अपहरण और उप्र विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट और मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि ठीक तीन दिन पहले फतेहपुर की एक नाबालिग को लेकर आरोपी झकरकटी बस अ़ड्डे पहुंचा था। यहां से आरोपी नाबालिग को लेकर अहमदाबाद भागने की फिराक में था तभी गिरफ्तार कर लिया गया था।