Kanpur: नाबालिग भाई-बहन पर साइबर ठगी का आरोप, परिवार सदमे में…पिता बोले- सीएम और पीएम तक लगाऊंगा गुहार
Kanpur News: महाराजपुर के अशोक गंगापुत्र के नाबालिग बेटे-बेटी पर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज होने से परिवार सदमे में है। पीड़ित ने पहले ही एक करोड़ रुपये खाते में आने की शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर अब न्याय की गुहार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से लगाने की बात कही है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में रहने वाले अशोक गंगापुत्र के दो नाबालिग बच्चे प्रकाश और पूनम साइबर ठगी के मामले में फंस गए हैं। शुक्रवार को नौबस्ता थाना पुलिस ने दोनों पर साढ़े तीन लाख रुपए की साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी और बयान दर्ज करने के लिए बुलाया।
अशोक, जो मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, ने बताया कि बच्चों के खाते केवल छात्रवृत्ति के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा में खोले गए थे और उनमें कभी लेन-देन नहीं हुआ। 13 अगस्त को बैंक कर्मियों ने घर आकर सूचना दी कि प्रकाश के खाते में एक करोड़ रुपये आए हैं। उन्होंने कई कागजों पर साइन भी करवा लिए।
थाना प्रभारी बोले- मामले की जांच चल रही है
अशोक का कहना है कि उसी दिन उन्होंने महाराजपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अचानक मुकदमा दर्ज होने की खबर से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने बताया कि न्याय के लिए अब वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक गुहार लगाएंगे। वहीं, नौबस्ता थाना प्रभारी निरीक्षक नदीम अहमद ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और इसी क्रम में बयान दर्ज करने के लिए परिवार को बुलाया गया है।