Kanpur Loot: पुलिस के सीमा विवाद से लुटेरों को मिला भागने का मौका, व्यापारी नेता नाराज…बोले- ये बड़ी लापरवाही
Kanpur News: जिले में एक सराफा व्यापारी से लूट के बाद पुलिस तीन घंटे तक थाना क्षेत्र के सीमा विवाद में उलझी रही, जिससे लुटेरों को भागने का मौका मिल गया। हालांकि, अब पुलिस खुलासे के करीब है और कई टीमें जांच में जुटी हैं।
विस्तार
कानपुर में सोमवार की शाम टौंस से तिलशहरी मार्ग में घाटूखेड़ा बंबे के पास सराफा व्यापारी दुकान बंद कर वापस घर जा रहा था। इसी दौरान उनको दो मोटरसाइकिल में सवार छह अज्ञात लुटेरों द्वारा टक्कर मारकर गिरा दिया गया। इसके बाद स्कूटी सहित साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात और चालीस हजार की नगदी लेकर भाग गए।
सूचना पर पहुंची नरवल और महाराजपुर पुलिस द्वारा छानबीन शुरू की गई। मौके पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के सैकड़ों व्यापारी भी पहुंचे। घटना शाम साढ़े छह बजे की थी और लगभग तीन घंटे तक यह तय नहीं हो पाया की घटनास्थल क्षेत्र किस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आएगा।
व्यापारी बोले- चंद घंटे में किया जा सकता था खुलासा
व्यापारी नेता महेश वर्मा ने बताया कि पुलिस तीन घंटे तक सिर्फ लाठी पीटती रही। इस दौरान लुटेरों को भागने का अच्छा मौका मिला। यदि घटना के तुरंत बाद बॉर्डर के इलाकों में चेकिंग की जाती और सतर्कता दिखाई जाती, तो घटना का अनावरण चंद घंटे में ही किया जा सकता था।
घटना के खुलासे के करीब है पुलिस
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस घटना के सफल अनावरण के करीब है। पीड़ित व्यापारी का मोबाइल घटनास्थल से लगभग 25 किलोमीटर दूर एक गांव में मिला है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता द्वारा घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई थी, जो रात से ही लगातार जांच में जुटी हुई है।