कानपुर: मकान मालिक और किरायेदार भिड़े, गैलरी के ताला तोड़ने को लेकर मारपीट, दोनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: चमनगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में गैलरी के दरवाजे का ताला और चाबी बदलने को लेकर मकान मालिक और किरायेदार पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने हाथ में काटने और मारपीट का आरोप लगाया, तो दूसरे पक्ष ने चाबी न देने पर ताला तोड़ने और वीडियो बनाने के दौरान झड़प की बात कही।
विस्तार
कानपुर में चमनगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में एक ही मकान में रहने वाले मकान मालिक और फ्लैट में रहने वाले दूसरे पक्ष के बीच गैलरी के दरवाजे का ताला तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गालीगलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। दोनों ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना का वीडियो होने का भी दावा किया गया है।
प्रेमनगर निवासी कशिश के अनुसार, उनके मकान के ग्राउंड फ्लोर पर गैलरी की ओर एक दरवाजा लगा है, जिस पर उनके परिवार का ताला लगा हुआ था। आरोप है कि उसी मकान के फ्लैट में रहने वाली लायेबा सिद्दीकी, अदीबा सिद्दीकी पुत्रियां मुशरत सिद्दीकी और उनकी मां सफीना ने मिलकर ताला तोड़ने का प्रयास किया। कशिश और उनकी मां शुफिया शहीन ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट और गालीगलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट के दौरान सफीना ने हाथ में काट लिया
कशिश का आरोप है कि मारपीट के दौरान सफीना ने उनके हाथ में काट लिया। कशिश ने घटना का वीडियो अपने पास होने का दावा किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की अरीबा सिद्दीकी पुत्री मुशरत ने पुलिस को दी तहरीर में अलग आरोप लगाए हैं। अरीबा के मुताबिक, घर में सफाई कराए जाने के दौरान कूड़ा बाहर डालने के लिए उन्होंने गैलरी के दरवाजे की चाबी मांगी थी। आरोप है कि कशिश ने चाबी देने से इनकार करते हुए कहा कि चाबी खो गई है।
गर्दन और हाथ में चोट लगने का आरोप
इस पर अरीबा ने पुराना ताला तोड़कर नया ताला लगवाने और काम पूरा होने के बाद व्यवस्था करने की बात कही। अरीबा का आरोप है कि जब ताला तुड़वाने का प्रयास किया गया, तो कशिश ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और वीडियो बनाने लगीं। अरीबा के अनुसार, उन्होंने भी अपने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो कशिश ने उनके साथ मारपीट और छीना-झपटी की। मारपीट में उनकी गर्दन और हाथ में चोट लगने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कशिश पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। चमनगंज थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।