Kanpur: कचहरी में होली का 'लल्लन टॉप' रंग, राधा-कृष्ण के संग थिरके वकील, अन्नू अवस्थी के मिजाज ने गुदगुदाया
Kanpur News: कानपुर बार एसोसिएशन के होली मिलन समारोह में भक्ति, हास्य और संगीत का अद्भुत संगम दिखा। इस्कॉन के भजनों और अन्नू अवस्थी के चुटकुलों के बीच न्यायिक अधिकारियों व वकीलों ने फूलों की होली खेलकर भाईचारे का संदेश दिया।
विस्तार
कानपुर में दिनभर मुवक्किलों की कचकच, अदालतों में बहस और फाइलों में सिर खपाने के बाद शाम को वकील जब बार एसोसिएशन लान में आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचे, तो होली के रंग में रंगी कचहरी लल्लन टॉप दिखी। बार एसोसिएशन चुनाव के बाद पिछले सप्ताह घोषित हुए परिणामों में योगेंद्र अवस्थी उर्फ लल्लन टॉप करके अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
वकील भी भक्तिरस में हुए सराबोर
लल्लन के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी के पदभार संभालने के बाद शुक्रवार को कचहरी में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत भक्ति रंग से हुई। इस्कान मंदिर की टोली ने भजनों से न्यायिक अधिकारियों और वकीलों को मंत्र मुग्ध कर दिया, तो वहीं राधाकृष्ण का वेष धारण कर पहुंचे कलाकारों का नृत्य देख वकील भक्तिरस में सराबोर हो गए।
न्यायिक अधिकारियों ने दीं होली की शुभकामनाएं
होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुवीरा, आज बिरज में होली रे रसिया जैसे भजनों पर नृत्य करते कलाकारों ने जैसे ही वकीलों पर फूलों की वर्षा की फूलों की होली का आगाज हो गया। न्यायिक अधिकारियों ने भी फूलों की होली खेली। जिला जज के नेतृत्व में पहुंचे न्यायिक अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को होली की शुभकामनाएं दीं। न्यायिक अधिकारियों के जाने के बाद जैसे-जैसे शाम ढलने लगी कार्यक्रम का रूप भी बदलना शुरू हो गया।
अन्नू अवस्थी ने चुटकुलों से वकीलों को गुदगुदाया
हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी ने मंच को संभाला और अपने चुटीले अंदाज से वकीलों को गुदगुदाना शुरू कर दिया। जैसे ही उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में वकीलों से पूछा कि पहचान तो गए हुइहो, ठहाकों की आवाज गूंज उठी। इसके बाद अपने चुटकुलों से वकीलों को गुदगुदाया, तो बीच-बीच में कनपुरिया अंदाज में वकीलों की चुटकी भी लेते रहे। धीरे-धीरे सूरज डूबने लगा और अंधेरा छाने लगा, तो वकीलों में भी मस्ती का सुरूर बढ़ने लगा।
ये लोग रहे मौजूद
रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें डीजे की धुन पर कलाकारों ने मंच पर जलवे बिखरे, तो मौजूद वकील भी ठुमके लगाने को मजबूर हो गए। सलमान, शाहरूख से लेकर करीना, शकीरा तक के गाने बजे तो युवा वकीलों के पैर भी लहराने लगे। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र अवस्थी, महामंत्री बिनय कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष मो. तौहीद, मंत्री कृष्णकांत तिवारी, विवेक सिंह, अभय त्रिपाठी समेत कार्यकारिणी के अलावा सैकड़ो की संख्या में वकील मौजूद रहे।