कानपुर: बेशकीमती जमीन को केडीए ने कराया खाली, लीज डीड खत्म की, आयुर्वेदिक कॉलेज की साढ़े छह एकड़ जमीन पर बनेंगे फ्लैट
केडीए उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने अपने 10 महीने के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्राधिकरण स्वामित्व की लगभग 1000 करोड़ रुपये जमीनें अवैध कब्जों, अतिक्रमण से मुक्त कराईं और उनका कब्जा लिया।
विस्तार
कानपुर में केडीए ने बुधवार को आयुर्वेदिक कॉलेज की जमीन की लीज डीड निरस्त कर 26547 वर्ग मीटर (6.56 एकड़) जमीन पर कब्जा कर लिया। किदवई नगर में स्थित इस बेशकीमती जमीन की कीमत 450 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने सर्वे कराने के साथ ही बाउंड्री कराकर बोर्ड लगाए। इसमें व्यवसायिक उपयोग, फ्लैट बनाने के लिए अभियंत्रण विभाग को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इस प्रकार पांच दिन में 740 करोड़ की तीन जमीनों की लीज खत्म कर कब्जा लेने का रिकॉर्ड बनाया है।
विद्यालय, खेल के मैदान के लिए दी गई थी जमीन
किदवई नगर ई-ब्लॉक में साइट नंबर-1 चौराहे के पास स्थित कॉर्नर के प्लॉट संख्या - 196 की 6.56 एकड़ (26547 वर्गमीटर) जमीन की लीज डीड प्राधिकरण की पूर्ववर्ती संस्था कानपुर डेवलपमेंट बोर्ड ने 9 सितंबर 1957 को शर्तों के तहत महेश भट्ट विद्यालय सोसाइटी के मैनेजर राम गोपाल शर्मा के पक्ष में विद्यालय तथा खेल का मैदान बनाने के लिए की थी।
नंबर गेम
450 करोड़ कीमत है खाली कराई गई जमीन की
740 करोड़ की जमीनें पांच दिनों में केडीए ने कब्जाई
जो कोई भी प्राधिकरण के स्वामित्व की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा या हड़पने का प्रयास करेगा या सस्ती दर पर पूर्व में किसी जन उपयोगी कार्य के लिए दी गई जमीन पर शर्तों के विपरीत व्यक्तिगत लाभ के लिए व्यवसायिक कार्य करेगा, उसके खिलाफ केडीए नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करेगा।- अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष, केडीए
10 माह मे खाली कराई 1000 करोड़ की जमीन
केडीए उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने अपने 10 महीने के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्राधिकरण स्वामित्व की लगभग 1000 करोड़ रुपये जमीनें अवैध कब्जों, अतिक्रमण से मुक्त कराईं और उनका कब्जा लिया। मात्र पांच दिन में स्वरूप नगर, हरिहरनाथ शास्त्री नगर एक्सटेंशन और किदवई नगर में लगभग 43947 वर्गमीटर जमीन का कब्जा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत 740 करोड़ है।