कानपुर: 92 लाख के जेवर-नकदी पर हाथ साफ, बक्से का कुंडा तोड़कर चोरी, वृद्धा ने बेटे-बेटी और बहू पर लगाया आरोप
Kanpur News: रेल बाजार थाना क्षेत्र स्थित शांति नगर कैंट में 76 वर्षीया बुजुर्ग महिला के घर से बक्से का कुंडा तोड़कर 80 से 92 लाख रुपये के पुश्तैनी जेवर व नकदी पार कर दिए गए। पीड़िता ने अपनी बेटी, बेटे और बहू पर बुढ़ापे का फायदा उठाकर सुनियोजित चोरी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।
विस्तार
कानपुर में रेल बाजार थाना क्षेत्र के शांति नगर कैंट में चाबी गुम होने के बाद ताला बदलने के बावजूद 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर से 80 से 92 लाख रुपये तक के जेवर और नकदी चोरी हो गई। बक्से का कुंडा टूटा मिला। इसमें रखे 60-70 लाख रुपये कीमत के पुश्तैनी जेवर और 20-22 लाख रुपये नकद गायब थे। महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रामकुमारी के मुताबिक, वह ए-19 शांति नगर कैंट स्थित अपनी विवाहित बेटी अर्चना गुप्ता के मकान के भूतल पर रहती हैं। नयागंज में उनकी कई दुकानें हैं। पति की मृत्यु के बाद से वह पिछले 10-12 वर्षों से दुकानों का किराया प्राप्त कर रही हैं। किराये से मिलने वाली रकम और पुश्तैनी जेवर घर में रखे थे। उनके मुताबिक 16 जुलाई को कमरे और अन्य चाबियां गुम हो गई थीं।
पुश्तैनी जेवर और नकदी गायब मिली
काफी तलाश के बाद चाबी नहीं मिली, तो 17 जुलाई की शाम कमरे का ताला बदलवा दिया गया। इसके बाद नौ अगस्त को किराये की रकम बक्से में रखने पहुंचीं, तो उसका कुंडा टूटा मिला। बक्सा खोलने पर उसमें रखे पुश्तैनी जेवर और नकदी गायब मिली। रामकुमारी ने तत्काल 112 पर सूचना दी। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ की।
आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
पीआरवी की ओर से घटना का इवेंट आईडी भी जारी किया गया था। रामकुमारी ने बेटी रजनी गुप्ता, बेटे सर्वज्ञ गुप्ता और बहू वैलिशा पर वृद्धावस्था का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से जेवर और रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नकदी और जेवर उन्होंने बुढ़ापे में बीमारी के इलाज के लिए सुरक्षित रखे थे। रेलबाजार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपों और चोरी की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।