Kanpur Suicide: होटल संचालक की पत्नी ने तनाव में फंदा लगाकर दी जान, तीन साल पहले नवजात की हुई थी मौत
Kanpur News: बिधनू के हड़हा गांव में संतान सुख न मिलने से दुखी विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। तीन साल पहले नवजात की मौत के बाद से वह तनाव में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर में बिधनू थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में संतान को लेकर तनाव में चल रही होटल संचालक की पत्नी ने गुरुवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमॉर्टम भेज दिया। हड़हा गांव निवासी होटल संचालक शिव खिलावन यादव का विवाह पांच वर्ष पहले जिला बांदा के पछनेही गांव निवासी बाबूराम यादव की बेटी शिवानी (26) से हुआ था। पति शिव ने बताया कि विवाह के करीब तीन साल बाद शिवानी ने एक बेटी को जन्म दिया था।
समय से पहले प्रसव होने के चलते नवजात की मौत हो गई थी। इसके बाद से शिवानी तनाव में रहने लगी थी। दूसरी शादी करने की बात को लेकर अक्सर विवाद करती थी। इसी बात को लेकर गुरुवार देरशाम भी दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पति के अनुसार इसके बाद वह कमरे से बाहर सोफे पर सो गए। देररात नींद खुलने पर वह कमरे में गए तो, शिवानी का शव साड़ी के सहारे पंखे के कुंडे से लटका हुआ था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई
आननफानन फंदा काटकर शिवानी को नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की जानकारी मायके और पुलिस को दी। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लोगों से पूछताछ की। वहीं मायके वालों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। बिधनू थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।