Kanpur: हाईस्कूल के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान, पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का खुलासा, परिजनों में मचा कोहराम
Kanpur News: गुजैनी थाना क्षेत्र स्थित वरुण विहार में हाईस्कूल के छात्र ने गुरुवार शाम फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।
विस्तार
कानपुर में गुजैनी थाना क्षेत्र के वरुण विहार इलाके में गुरुवार शाम एक किशोर ने आत्महत्या कर ली। यहां रहने वाले रवींद्र कुमार के पुत्र अर्पित (17) उर्फ आर्यन गौतम ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार, अर्पित हाईस्कूल का छात्र था। गुरुवार शाम जब काफी देर तक उसके कमरे में कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने जाकर देखा। अर्पित का शव फंदे से लटकता देख घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आए पड़ोसियों ने इसकी सूचना तुरंत गुजैनी पुलिस को दी।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है मामला
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि शुरुआती छानबीन के आधार पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं।